सर्वाधिक संक्रमण वाले राज्यों महाराष्ट्र, गुजरात एवं पंजाब समेत अन्य राज्यों से श्रमिक एवं छात्रों का आगमन जारी है। शुक्रवार को अलीगढ़ पहुंचे पंजाब के करीब 80 छात्रों को होम क्वारंटीन करते हुए इन सभी का सैंपल लिया गया है। हिदायत दी गई है कि जब तक रिपोर्ट निगेटिव न आए, तब तक वे परिजनों से न मिलें। कुल मिलाकर 613 लोग आए हैं। इनमें से अन्य राज्यों से आये 360 लोगों को होम क्वारंटीन किया गया है। जबकि महाराष्ट्र, गुजरात व पंजाब से आये करीब 253 लोगों को विभिन्न स्थानों पर क्वारंटीन करते हुए इनके सैंपल लिये गये हैं।
देश में सर्वाधिक कोरोना संक्रमण वाले राज्य महाराष्ट्र, गुजरात एवं पंजाब से आने वाले श्रमिकों पर प्रशासन की नजरें हैं। इनके माध्यम से जिले के अन्य वाशिंदों तक कोरोना संक्रमण फैलने से रोकने के लिए इन श्रमिकों को विभिन्न कालेज, बरातघर समेत अन्य स्थानों पर क्वारंटीन किया गया है। जिले में अब तक 613 श्रमिक आये हैं। इनमें से 253 महाराष्ट्र, गुजरात एवं पंजाब के हैं। इनमें शुक्रवार को महाराष्ट्र से आए 68 तो गुजरात से आये 44 श्रमिक शामिल हैं। अन्य राज्यों से आये श्रमिकों को तो होम क्वारंटीन किया गया है। जबकि इन सभी को कालेज आदि में क्वारंटीन कर सैंपल लिए गए हैं।
एडीएम प्रशासन देवी दास पाल ने बताया कि पंजाब से आये करीब 80 छात्रों को होम क्वारंटीन करते हुए सैंपल कराया गया है। रिपोर्ट निगेटिव आने तक यह लोग अपने परिजनों से नहीं मिल सकेंगे। देर रात 212 और लोगों के आने की संभावना है। इनमें महाराष्ट्र, गुजरात व पंजाब को छोड़कर सभी को होम क्वारंटीन कराया जाएगा।