सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री व राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह के खिलाफ सोशल मीडिया पर भड़काऊ वीडियो वायरल करने और उन्हें धमकी देने के मामले में मुकदमा दर्ज हो गया है। पुलिस के सोशल मीडिया सेल की ओर से सिविल लाइंस में यह मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी की पहचान श्याम के तौर पर हुई है। वह कहां का रहने वाला है और क्या करता है इस संबंध में अभी जांच चल रही है।
वायरल वीडियो में श्याम निवास नाम का युवक खुद को उच्च जाति का बता रहा है। जिसमें वह सवर्ण समाज को एक होकर आरक्षण का विरोध करने का आह्वान कर रहा है। वह वीडियो में कल्याण सिंह का नाम लेकर जान से मारने की धमकी देता है। इस पर अखिल भारतीय लोधी महासभा की ऑनलाइन बैठक शनिवार को जिला अध्यक्ष महेंद्र सिंह लोधी की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने पूर्व सीएम कल्याण सिंह को जान से मारने की धमकी को लेकर वायरल हो रहे वीडियो के बाबत जिला प्रशासन से जांच की मांग की। इस पर एसएसपी ने वीडियो को जांच कराई और सोशल मीडिया सेल को मुकदमा दर्ज कराने के निर्देश दिए। इंस्पेक्टर सिविल लाइंस अमित कुमार के मुताबिक एसआई समरपाल की ओर से मुकदमा दर्ज कराया गया है। आरोपी श्याम निवास का पता खंगाला जा रहा है। जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा।