अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के जनसंपर्क विभाग ने कहा कि एएमयू मुख्य परिसर और उससे जुड़े सभी केंद्रों पर कर्मचारियों की 33 फ़ीसदी उपस्थिति ही रहेगी। इसमें विश्वविद्यालय के सभी विभाग, केन्द्र, कॉलेज और स्कूलों आदि के कार्यालय शामिल हैं। यह 6 मई से सुबह 9 बजे से दोपहर 12 बजे तक खुले रहेंगे। जिसमें 33 प्रतिशत हाजिरी प्रत्येक कार्यालय में होनी चाहिए। जो भी कर्मचारी कंटेनमेन्ट क्षेत्र में रहते हैं, जिसकी घोषणा जिला प्रशासन द्वारा की गई है, उनको इससे मुक्त रखा गया है।
यूनिवर्सिटी रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद आईपीएस द्वारा जारी नोटिस में कहा गया है कि संबंधित विभागाध्यक्ष 33 प्रतिशत हाजिरी को रोटेशन के आधार पर तय करें। यह भी स्पष्ट किया है कि आवश्यक सेवाएं जैसे मेडिकल, सैनीटेशन, बिजली, पानी, आवासीय हालों, सेंट्रल आटोमोबाइल वर्कशाप आदि में कार्यरत कर्मचारी पूर्व की तरह अपने विभागाध्यक्षों और कार्यालय अध्यक्षों के निर्देशन का पालन करते रहेंगे।