दूसरे प्रदेशों में फंसे श्रमिकों को गृह राज्य भेजे जाने के केंद्र सरकार के आदेश के बाद इन श्रमिकों के आगमन के लिए क्वारंटीन सेंटर समेत अन्य व्यवस्थाएं शुरू हो गई हैं। इनमें सर्वाधिक संक्रमण वाले राज्य महाराष्ट्र, पंजाब एवं गुजरात से आने वाले श्रमिकों को सबसे बड़ा खतरा माना जा रहा है। इन श्रमिकों के आते ही उनकी थर्मल स्क्रीनिंग के तत्काल बाद कोरोना परीक्षण कराने की तैयारी है। इसके बाद इन्हें 14 दिन के लिए क्वारंटीन किया जाएगा।
अलीगढ़ में करीब 15 हजार श्रमिक वापस आने हैं। इनमें सर्वाधिक संख्या महाराष्ट्र, गुजरात व पंजाब से आने वाले श्रमिकों की बताई जा रही है। कोरोना संक्रमण बहुल राज्यों में शामिल इन तीनों राज्यों के श्रमिकों को सबसे बड़ा खतरा माना जा रहा है। एडीएम प्रशासन देवी प्रसाद पाल ने बताया कि गुजरात, महाराष्ट्र व पंजाब से श्रमिकों का आगमन शुरू हो गया है। इनको वाया प्रयागराज, गोरखपुर समेत अन्य जिलों से यहां भेजा जा रहा है। मंगलवार को गुजरात से 20, महाराष्ट्र के अकोला से सात, नासिक से आठ, मथुरा होते हुए गोरखपुर से करीब 25 श्रमिक आये हैं। इन सभी को इगलास, कोल समेत अन्य तहसीलों में क्वारंटीन किया गया है।
डीएम चंद्रभूषण सिंह ने बताया कि इन तीनों राज्यों के श्रमिकों के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं। जिले की सीमा पर पहुंचते ही इनकी थर्मल स्क्रीनिंग कराई जा रही है। इसके बाद क्वारंटीन सेंटर पहुंचते ही सभी का कोरोना परीक्षण कराया जाएगा। सभी को 14 दिन के लिए क्वारंटीन कर दिया जाएगा। रिपोर्ट निगेटिव आने और क्वारंटीन अवधि पूर्ण होने के बाद ही इन सभी को उनके घर भेजा जाएगा।