प्रदेश में जमातियों के खिलाफ चलाए जा रहे सर्च अभियान को लेकर जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने जिले की जनता से अपील की है कि वह अपने आसपास छिपे जमातियों की जानकारी देकर राष्ट्र के प्रति अपना धर्म निभाएं। मुस्लिम समाज पवित्र माह रमजान में अल्लाह से इस महामारी को खत्म करने को इबादत करने के साथ ही अपने आसपास किसी भी ऐसे व्यक्ति को न रहने दें, जिससे की आपको या आपके परिवार को संक्रमण का खतरा है। संदिग्ध लगने पर तत्काल उसकी जानकारी जिला प्रशासन के साथ साझा करें। प्रशासन हर संभव प्रयास कर इलाज करने का वादा करता है।
डीएम ने कहा कि कुछ लोगों को भ्रम है कि जमातियों के पकड़े जाने पर सीधे मुकदमा दर्ज किया जा रहा है। ऐसा नहीं है। अगर, कोई स्वयं या उसका परिवार सामने आकर जिला प्रशासन को जानकारी देने में मदद करता है तो उसके खिलाफ कोई मुकदमा दर्ज नहीं किया जाएगा। लेकिन, किसी ने जानकारी छिपाने की कोशिश की और वह पुलिस-प्रशासन की चेकिंग के दौरान पकड़ा जाता है तो तत्काल उसके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। साथ ही जिलाधिकारी ने लोगों से रमजान के महीने में घरों में ही इबादत करने और तरावीह की नमाज अदा करने की अपील की है। उन्होंने कहा कि इबादत के साथ ही कोविड-19 से बचाव के लिए स्वास्थ्य विभाग की ओर से जारी निर्देशों को अपनाएं। तरावीह की विशेष नमाज भी अन्य नमाजों की तरह घरों में अदा करें। देश व दुनिया में अमन चैन और खुशहाली की दुआ करें।