जिले में कोरोना वायरस संक्रमण से मौत का शिकार हुए व्यक्ति का इलाज करने वाले जेएन मेडिकल कॉलेज के निलंबित चल रहे डॉ. अंजुम मिर्जा चुग़ताई का कोरोना टेस्ट निगेटिव आया है। उनकी पत्नी का भी टेस्ट निगेटिव आया है। डॉ. चुगताई अपने परिवार के साथ प्रशासन के निर्देश पर 14 दिन के लिए होम क्वारंटीन में है।
कोरोना संक्रमण से जिले में पहली मौत उस्मानपाड़ा के रहने वाले व्यक्ति की हुई थी। शाहजमाल स्थित अल शिफा नर्सिंगहोम में डॉ. अंजुम मिर्जा चुग़ताई उसका इलाज कर रहे थे और उन्होंने ही उसको जेएन मेडिकल कॉलेज के सामान्य वार्ड में भर्ती कराया था। यहां पर व्यक्ति को कोरोना पॉजिटिव पाया गया। बाद में उसकी मौत हो गई। मरीज का कोरोना संक्रमण छुपाने, उसका निजी तौर पर इलाज करने, कोरोना संक्रमित मरीज का इलाज करने में इंडियन काउंसिल ऑफ मेडिकल रिसर्च की गाइडलाइन का पालन न करने के आरोप में डॉ. अंजुम मिर्जा को निलंबित कर दिया गया। डॉ. चुगताई और उनकी पत्नी के सैंपल को कोरोना पॉजिटिव संदिग्ध मानते हुए जांच के लिए भेजा गया। बृहस्पतिवार की शाम को उनके सैंपल की रिपोर्ट आई है। पति पत्नी दोनों ही निगेटिव पाए गए हैं।