लॉक डाउन के दूसरे चरण के पहले दिन शहर में जोन व ऑड-ईवन व्यवस्था पूरी तरह से सफल रही। पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए उल्लंघन करने वालों पर कार्रवाई भी की। बुधवार को पुलिस ने 996 ई चालान काटे। इसके साथ ही 46 लोगों के खिलाफ लॉक डाउन उल्लंघन में धारा 188 की कार्रवाई की गई।
जोन व ऑड-ईवन व्यवस्था का पालन कराने में लगी पुलिस ने बैरियर्स चेकिंग के दौरान किसी को भी बेवजह एक स्थान से दूसरे स्थान या जोन में नहीं जाने दिया। ई-चालान का भय दिखाकर लोगों का आवागमन थामा। इसके साथ ही जो लोग पुलिस की मनाही के बाद भी नहीं माने उनके खिलाफ कार्रवाई की गई। एसएसपी की ओर से जारी प्रेसनोट केे मुताबिक सासनी गेट थानेे में सात, दादों थाने में दो, देहली गेट में 13, हरदुआगंज थाने में एक, कोतवाली में छह, बन्नादेवी में दो, क्वार्सी में चार, गभाना में दो, खैर थाने में नौ मुकदमे धारा 188 के तहत दर्ज किए गए हैं। इधर, 996 वाहनों के ई-चालान किए। वाहन संबंधी दस्तावेज न होने पर नौ वाहनों को सीज किया गया।
कुछ वाहन चालकों ने मौके पर ही जुर्माना अदा किया, जिनसे 3500 शमन शुल्क वसूला गया। इस व्यवस्था के दौरान कुल 1124 वाहनों को चेक किया गया। पुलिस कार्रवाई के आंकड़ों में दिन प्रतिदिन वाहनों की चेकिंग की संख्या में कमी होने पर एसएसपी ने हर्ष जाहिर करते हुए कहा कि लोग समझदार हो रहे हैं। वह ऑड-ईवन व्यवस्था का पालन कर रहे हैं। साथ ही जरूरी काम से ही बाहर जा रहे हैं। बेवजह घूमने वालों पर पुलिस की कार्रवाई का यह सिलसिला जारी रहेगा।