महानगर के समद रोड पर सोमवार की दोपहर महिला डॉक्टर से जंजीर झपट रहे बाइक सवार बदमाश को डॉक्टर ने खींचकर गिरा लिया। उसके बाद लोगों ने दबोचकर उसे जमकर पीटा। बाद में पुलिस के हवाले कर दिया।
रामघाट रोड निवासी न्यूरो सर्जन डॉ. गौरव की पत्नी एनेस्थेटिक डॉ. अदिति दोपहर करीब साढ़े 12 बजे किसी काम से समद रोड पर स्कूटी से सवार होकर गई थीं। उनके साथ बेटी भी थी। इसी दौरान समद रोड पर पार्किंग में स्कूटी खड़ी कर पैदल निकल रही थीं। तभी बाइक सवार बदमाश ने उनके गले से जंजीर झपट ली।
अदिति ने बदमाश का कंधा पकड़कर खींच लिया और वह बाइक सहित नीचे गिर गया। शोर सुनकर मौके पर लोग जमा हो गए। उन्होंने बदमाश को दबोचकर पीटना शुरू कर दिया। उसके बाद पुलिस के हवाले कर दिया। इस संबंध में डॉक्टर की ओर से सेंटर प्वाइंट चौकी पर तहरीर दी गई है। पुलिस आरोपी से पूछताछ में जुटी है। प्रयास है कि शायद अन्य कुछ घटनाओं का खुलासा हो सके।