क्वार्सी क्षेत्र के देवसैनी में हुए दोहरे हत्याकांड के मुख्य आरोपी के बेटे को पुलिस ने बुधवार को जेल भेज दिया। इस पर महिला को लाठी - डंडों से पीट - पीटकर मौत के घाट उतारने का आरोप है। यह बात मंगलवार रात गिरफ्तारी के बाद खुद उसने पूछताछ में स्वीकारी। इधर, पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। वहीं गांव में अभी तक पुलिस व पीएसी तैनात है।
ये घटना सोमवार रात की है, जब एक नाली से जुड़ी पुरानी रंजिश में जोगेंद्र व उनकी पत्नी सर्वेश देवी की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई थी। इस हमले में दंपती के दो बेटे सोनू व विशाल, एक बेटी डौली भी जख्मी हुए हैं। तीन आरोपियों को पुलिस ने मंगलवार को ही जेल भेज दिया था। चौथा नामजद मुख्य आरोपी एवन सिंह का बेटा तिलक बुधवार को जेल भेजा है। इंस्पेक्टर क्वार्सी विजय सिंह ने बताया कि आरोपी के विषय में महिला सर्वेश को अकेले बेरहमी से पीटने और मौत के घाट उतारने की बात परिजनों व प्रत्यक्षदर्शियों ने बताई। यह पूछताछ में उसने स्वीकारी है।
इस मामले में दो अन्य आरोपी टीटू व विजय ने अधिवक्ता के जरिये न्यायालय में सरेंडर अर्जी दायर की है। जिस पर पुलिस रिपोर्ट भेजी जा रही है। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय के अनुसार मामले में अन्य की तलाश जारी है।