सूरज माहौर के साथ हुई मारपीट के बाद उपरकोट कोतवाली पहुचें भाजपा नेता ।
- फोटो : CITY OFFICE
सासनी गेट भुजपुरा बाईपास पर रविवार शाम बाइक सवार दो युवकों ने परिवार संग जा रहे भाजपा पार्षद संग मारपीट कर नकदी लूट ली। इस दौरान फायरिंग का भी आरोप है। वहीं एकत्रित भीड़ ने एक आरोपी को दबोच लिया, जबकि एक भागने में सफल रहा। बाद में पार्षद ने थाने में मुकदमा दर्ज कराया।
नगर निगम के भाजपा पार्षद तुर्कमान गेट गोविंद नगर निवासी सूरज माहौर रविवार को परिवार संग गंगा स्नान के लिए गए थे। शाम को लौटते में वे परिवार सहित सासनी गेट पहुंचे, जहां घर से परिजनों को फोन कर दो-तीन बाइक सवार बुलवा लिए और उन पर मां, भाई, भाभी व छोटे भाई की पत्नी को बैठाकर घर ले जा रहे थे। जैसे ही वे भुजपुरा बाईपास पर पहुंचे। तभी स्कूटी सवार दो युवकों ने उनको रुकवा लिया और मां शकुंतला देवी से पर्स झपट लिया। इस पर पार्षद ने विरोध जताना शुरू किया तो तमंचा दिखा दिया।
आरोप है कि इस दौरान जाति सूचक शब्दों का प्रयोग कर हवाई फायर किया गया। इस दौरान राहगीरों की मदद से एक आरोपी को दबोच लिया गया, जबकि दूसरा भाग गया। इस खबर पर पुलिस भी पहुंच गई। पकड़े गए आरोपी को थाने ले जाया गया। इधर, सूचना पर भाजपा महानगर मंत्री संजू बजाज, मंडल अध्यक्ष देवेंद्र सैनी, महामंत्री शिवकुमार शर्मा, मंडल महामंत्री संजय माहौर, मंत्री योगेश माहौर, राजकुमार कौरी, संजय शर्मा, प्रहलाद माहौर आदि पहुंचे। उन्होंने दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी का मुद्दा रखा, जिस पर पुलिस ने भरोसा दिलाया है। सूरज माहौर की ओर से तहरीर दी गई है। पकड़े गए युवक ने अपना नाम आजम निवासी सुपर कालोनी व भागे साथी का नाम सद्दाम बताया है। पुलिस दूसरे की तलाश में जुटी है। इंस्पेक्टर सासनी गेट के अनुसार मुकदमा दर्ज कर दूसरे की तलाश जारी है।