एएमयू के दवाखाना, तिब्बिया कॉलेज की मेंबर इन इंचार्ज प्रो. सलमा अहमद का घेराव करने वाले दवाखाना के पांच कर्मचारियों को बुधवार को निलंबित कर दिया गया। यह कार्रवाई रजिस्ट्रार अब्दुल हमीद ने की है। मंगलवार को इन कर्मचारियों ने इंक्रीमेंट व डीए और एरियर भुगतान की मांग को लेकर प्रो. सलमा का घेराव किया था।
मंगलवार शाम पांच दवाखाना के कर्मचारी अपनी मांगों को लेकर एमआईसी (मेंबर इन इंचार्ज) प्रो. सलमा की कार के आगे बैठ गए थे। कर्मचारियों का कहना था कि उनकी मांगों पर कोई गौर नहीं किया जा रहा है। प्रॉक्टर प्रो. वसीम अली ने बताया कि एएमयू इंतजामिया ने कर्मचारियों के इस कदम को अनुशासनहीनता माना और घेराव करने वाले दवासाजी सेक्शन के कर्मचारी यूनियन के सचिव मोहम्मद शकील, टेबलेट सेक्शन के एमटीएस मोहम्मद साबिर, जूनियर (वर्कशॉप) मेनटेनेंस असिस्टेंट अजमत हुसैन, सीरप सेक्शन के एमटीएस फहीम खालिद, पैकेजिंग सेक्शन के इंचार्ज यूडीसी अब्दुल रऊफ को निलंबित कर दिया। तिब्बिया कॉलेज का दवाखाना किला रोड पर स्थित है। ब्यूरो