दुबे का पड़ाव अलाव के सहारे बैठते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
पहाड़ों पर हो रही बर्फ बारी जिले में ठंड बढ़ा रही है। रविवार को जिले में सबसे ज्यादा ठंड रही। शीतलहर के चलने से हर कोई कांपता नजर आया। गलन भरी ठंड ने लोगों के हाथ-पैर सुन्न कर दिये। लोग अपने घरों में ही कैद रहे। वहीं दिन के समय भी सड़कों पर सन्नाटा रहा। गलन होने से तापमान में भी गिरावट दर्ज की गई।
रविवार को जिले में सबसे ज्यादा ठंड रही। लोगों की सुबह काफी देर से हुई। मौसम बताने वाले वेबसाइट के अनुसार ठंड के कारण न्यूनतम तापमान 4 डिग्री व अधिकतम तापमान 20 डिग्री रहा। वहीं 8 किमी. प्रति घंटा की रफ्तार से ठंडी हवाएं चलीं। मौसम विभाग की मानें तो ठंड का कहर अभी जारी रहेगा, हालांकि शीतलहर चलने से कोहरा नहीं था।
रविवार को दोपहर 12 बजे करीब सूर्यदेव ने दर्शन तो दिए, लेकिन, सूरज की तपिश लोगों की ठंड न दूर कर सकी। गलन भरी ठंड से राहत पाने के लिए लोगों ने अलाव का सहारा लिया। रात में शहर के प्रमुख चौराहों पर लोगों ने अलाव जलाए। शाम होते ही दुकानें बंद हो गईं। लोगों का कहना था कि अब ऐसी ठंड पड़ी है जिससे हाथ-पैर सुन्न हो रहे हैं। चाय-काफी की दुकानों पर भीड़ रही। बस स्टैंड स्थित पथवारी मंदिर पर सामाजिक संगठनों की ओर से लोगों को चाय पिलाई गई।