पुनीत बाल्मीकि की हत्या को लेकर विरोध प्रदर्शन करते लोग।
- फोटो : CITY OFFICE
सराय हकीम में आयोजित वाल्मीकि समाज की महापंचायत में वाल्मीकि संघर्ष समिति का गठन किया गया। कांग्रेस नेता श्यौराज जीवन को समिति का संयोजक बनाया गया है। नगर सफाई मजदूर संघ के अध्यक्ष प्रदीप भंडारी, जेम्स वाल्मीकि एवं राधेलाल धूरी को सह संयोजक चुना गया है। बिल्लू चौहान एवं आनंद शास्त्री समिति के प्रवक्ता होंगे।
महापंचायत में नेताओ ने कहा कि 12 जनवरी को पुनीत के हत्यारों के खिलाफ कार्रवाई व अन्य मांगों से संबंधित ज्ञापन दिया गया था। 48 घंटे बाद भी प्रशासन द्वारा समाज के प्रतिनिधि मंडल से बात नहीं की गई है। नेताओं ने कहा कि वाल्मीकि संघर्ष समिति के प्रतिनिधि मंडल 17 जनवरी को मृतक पुनीत के आवास से जिलाधिकारी कार्यालय जाएंगे और अपनी मांग को रखेंगे। संघर्ष समिति के नेताओं ने विनोद वाल्मीकि हत्या पर भी नाराजगी व्यक्त किया और मृतक के परिजनों को न्याय एवं आर्थिक सहायता देने की मांग की।