गांव चमन नगलिया में सो रहे सात माह के मासूम के बिस्तर पर जलता हुआ दीपक गिर गया। इससे वह झुलस गया। मंगलवार को जेएन मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान बच्चे की मौत हो गई।
चमन नगलिया निवासी योगेश कुमार पुत्र राजपाल सिंह वह सोमवार को भतीजे को अस्पताल में देखने के लिए अलीगढ़ गए थे। शाम करीब छह बजे सात माह के पुत्र युवराज को पलंग पर सुलाकर उनकी पत्नी ऊपर की मंजिल पर खाना बनाने चली गई।
वह पलंग के निकट दीवार में बनी तिखाल में दीपक जला कर रख गई थी। अचानक जलता हुआ दीपक पलंग पर गिर गया। इससे कंबल में आग लग गई। आग की चपेट में आकर मासूम तेजी से रोने लगा तो मां भाग कर पहुंची। किसी तरह पानी डालकर आग बुझाई। बुरी तरह से झ़लसे युवराज को परिवार वाले सीएचसी लेकर पहुंचे जहां से जेएन मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। मंगलवार को इलाज के दौरान मासूम की मौत हो गई।