महानगर के गांधी पार्क थाना क्षेत्र के मीनाक्षी पुल के नीचे बने एक तीन मंजिला कपड़ा शोरूम में मंगलवार की रात को आग लग गई। आग लगने के चलते गोदाम में रखे कपड़े जलकर राख हो गए। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दमकल को बुलाकर आग पर काबू पाया। देर रात तक नुकसान का आंकलन जारी रहा। आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट वजह बताई जा रही है।
प्रेम अरोरा निवासी वैष्णो अपार्टमेंट, अतरौली अड्डा का मीनाक्षी पुल के नीचे अरोरा वस्त्रालय के नाम से शोरूम है। प्रेम अरोरा के मुताबिक मंगलवार रात को वह शोरूम बंद करके घर को चले गए थे। थोड़ी देर बाद पड़ोसियों ने बताया कि शोरूम की दूसरी मंजिल पर बने गोदाम में आग लग गई है। इस पर वह मौके पर पहुंचे। पुलिस और दमकल को बुलाया। आग लगने के पीछे शार्ट सर्किट होने का अनुमान लगाया जा रहा है। फिलहाल नुकसान का आंकलन जारी है। गनीमत रही कि पहली और तीसरी मंजिल तक आग नहीं पहुंची। वरना ज्यादा नुकसान हो जाता।