नगर आयुक्त प्रेम रंजन सिंह ने कहा कि महापौर एवं पार्षदों के सहयोग से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाएंगे। उन्होंने प्रत्येक शुक्रवार को शाम 5 से 7 बजे का समय पार्षदों से मुलाकात के लिए निर्धारित कर दी है।
नगर आयुक्त बनने के बाद प्रेम रंजन सिंह पहली बार जवाहर भवन में पार्षदों से रूबरू हुए। 40-50 पार्षद मौजूद थे। पार्षदों ने नगर आयुक्त को फूलमाला पहनाकर स्वागत किया। नगर निगम में इसकी खूब चर्चा है। नए नगर आयुक्त के सकारात्मक रुख से पार्षद उत्साहित हैं। महापौर मो. फुरकान की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में नगर आयुक्त ने कहा कि महापौर के नेतृत्व और पार्षदों के सहयोग के बल पर ही अलीगढ़ शहर में विकास की परिभाषा लिखी जाएगी।
नगर निगम के उपसभापति पुष्पेंद्र सिंह जादौन ने कहा कि नगर आयुक्त का रुख सकारात्मक है। अब विकास कार्य तेज होने की उम्मीद है। उल्लेखनीय है कि महापौर एवं पार्षद पूर्व नगर आयुक्त सत्य प्रकाश पटेल से इस बात को लेकर नाराज रहते थे कि वह पार्षदों से न तो मिलते थे, और न ही फोन उठाते थे। पार्षद उनके खिलाफ निंदा प्रस्ताव लाने की तैयारी में थे। इसी बीच उनका तबादला हो गया। पूर्व नगर आयुक्त के कार्यों की जांच कराने की मांग भी पार्षद कर रहे हैं।
ये रहे मौजूद
वीरेंद्र सिंह, दिनेश गुप्ता, कुलदीप पांडेय, हेमंत गुप्ता, अलका गुप्ता, दीपू शर्मा, हरिओम अग्रवाल, विजय तोमर, लोकेश चौधरी, सूरज माहौर, राजेंद्र किशोर, सुरेंद्र पचौरी, संजय शर्मा, मुसर्रफ हुसैन, सद्दाम हुसैन, इमरान खान, नरेंद्र सैनी आदि।