ठेके चहेतों को देना, उनमें मोटा कमीशन लेना आम बात हो गई है। ताजा मामला धनीपुर मंडी के निर्माण कार्यालय से जुड़ा है, जहां 40 करोड़ के ठेकों में मनमानी कर ली गई है। अपने खास लोगों को ठेका दे दिया गया। धनीपुर मंडी के डिप्टी डायरेक्टर निर्माण कार्यालय से हाल ही में उप मंडी खैर, अतरौली, हरदुआगंज, छर्रा में सौंदर्यीकरण के अलग-अलग कार्यों के लिए 40 करोड़ रुपये के ठेके उठाए गए हैं। इन ठेकों को आगरा के कुछ एक-दो चहेते ठेकेदारों को देने का मामला सामने आया है।
न्यू अशोक नगर निवासी राजेंद्र मेहरा ने इस मामले में सीएम योगी आदित्यनाथ को शिकायत भेजी है। ये शिकायत आनलाइन पोर्टल पर की गई है। जिस पर जिलाधिकारी को जांच करने के लिए शिकायत ऑनलाइन आगे बढ़ा दी गई है। अब जिला प्रशासन इसकी जांच कराएगा। इन ठेकों में अतरौली में पांच, छर्रा में तीन, खैर में तीन, हरदुआगंज में तीन ठेकेदारों के आवेदन थे, लेकिन ई-टेंडर में जिसका नियमानुसार चयन हुआ उसको कार्य आवंटन किया गया है। इसमें 3.90 लाख, 8 करोड़, 6 करोड़ और 70 लाख के अलग अलग कार्य के ठेके हैं। इसके अलावा कुछ और ठेके इसमें शामिल हैं। इनकी कुल लागत 40 करोड़ रुपये है।
इस मामले में आरोपों के घेरे में आए डिप्टी डायरेक्टर निर्माण तीरन सिंह ने कहा है कि सभी ठेके शासन के निर्देश पर ई-टेंडरिंग की प्रक्रिया से आवंटित किए गए हैं। इसमें ये कहना कि ठेके अपने खास लोगों को दिए गए हैं, सरासर गलत है। अगर शासन से कोई जांच आई है तो उस पर नियमानुसार प्रक्रिया पूरी कर जवाब दिया जाएगा।