अलीगढ़ का एक युवक खाकी वाली प्रेमिका से प्रेम विवाह करने की सजा भुगत रहा है। सिपाही बीवी ने 8 साल बाद अब दूसरा विवाह कर लिया है। फिरोजाबाद के थाना दक्षिण में तैनात महिला सिपाही द्वारा 8 साल बाद प्रेमी पति को छोड़ दूसरे युवक से विवाह करने की खबर चर्चाओं में है। अब प्रेमी पति ने महिला सिपाही पर कार्रवाई न करने पर डीजीपी आफिस में आत्महत्या करने का एलान किया है।
अचलताल निवासी सुरेंद्र उपाध्याय ने 26 नवंबर 2011 को आर्य समाज मंदिर में हाथरस की महिला सिपाही से प्रेम विवाह किया था। महिला सिपाही ने फिर एक याचिका 13 जून 2014 को हाईकोर्ट में दायर कर शादी की वैद्यता ले ली थी। 8 साल बाद अब खाकी वाली प्रेमिका ने सुरेंद्र को धोखा दे दिया है। फिरोजाबाद के थाना दक्षिण में तैनात महिला सिपाही ने 2 फरवरी 19 को दूसरा विवाह कर लिया है। कई महीनों तक दूसरी शादी के बाद भी महिला सिपाही सुरेंद्र से मिलती रही। जुलाई 2019 में जैसे ही सुरेंद्र को पता चला तो उसके पैरों तले जमीन खिसक गई। अब वह सिपाही बीवी पर कार्रवाई के लिए दर-दर भटक रहा है।
एसएसपी फिरोजाबाद को भी सुरेंद्र ने सिपाही बीवी द्वारा दूसरा विवाह करने पर कार्रवाई के लिए शिकायती प्रार्थना पत्र दिया था, लेकिन कोई कार्रवाई नही हुई। पिछले 6 महीने से सिपाही बीवी द्वारा धोखा देने से न्याय को भटक रहे सुरेंद्र ने अब डीजीपी आफिस में आत्महत्या करने का एलान किया है। डीजीपी को पत्र भेजकर सुरेंद्र ने कहा है कि एसएसपी फिरोजाबाद ने कोई कार्रवाई नहीं की है, जांच कर रहे सीओ को वह सभी साक्ष्य दे चुके हैं। उसका कहना है कि उसका जीवन बर्बाद हो चुका है, यदि डीजीपी में 10 जनवरी तक कार्रवाई नहीं कराई तो वह उनके दफ्तर में आत्महत्या कर लेगा।