सांड़ ने सोमवार को एक बैलगाड़ी को पलट दिया। इससे एक महिला बैलगाड़ी के नीचे दब गई। इसी दौरान सांड़ ने दूसरी महिला पर हमला बोल दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। घायल महिला को परिवार वालों ने निजी अस्पताल में इलाज कराया जहां से देर शाम छुट्टी दे दी गई।
जानकारी के अनुसार, सोमवार को नगला माधौ निवासी रिषिपाल सिंह अपनी भाभी रामवती देवी (52) पत्नी राजेंद्र सिंह और पड़ोसी रजनी देवी पत्नी तेजेंद्र सिंह को बैलगाड़ी में साथ लेकर गहलऊ स्थित सरकारी कोटे की दुकान पर राशन लेने गए थे। राशन न मिलने पर तीनों अपने गांव लौट रहे थे। नगला माधौ गांव के किनारे ही एक छुट्टा सांड़ ने उनकी बैलगाड़ी पर हमला बोल दिया। सांड़ ने बैलगाड़ी को पलटा दिया, जिससे रजनी देवी नीचे दब र्गइं और रिषिपाल उछलकर दूर जा गिरे।
उधर, जमीन पर गिरीं रामवती को सांड़ ने सींगों से उठाकर जमीन पर पटका, जिससे उनकी रीढ़ की हड्डी टूट गई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। इसके बाद भी सांड़ उन पर लगातार हमलावर रहा। उधर, सांड़ के हमला करते ही रिषिपाल और रजनी ने शोर मचाया जिस पर गांव किनारे के निवासी लाठी-डंडे लेकर दौड़े। इस पर सांड़ भाग गया। घायल रजनी को इगलास के निजी अस्पताल ले गए थे। उधर सूचना पर देर शाम पुलिस गांव पहुंच गई।