अयोध्या मसले पर निर्णय से पहले हर स्तर पर तैयारियां युद्ध स्तर पर की जा रही हैं। इसी कड़ी में वेस्ट यूपी के प्रमुख शहरों को आईबी ने अलर्ट पर ले रखा है। हर तरह का इनपुट जुटाए रखने के लिए टीमों को सक्रिय रखा गया है। जिन शहरों में सक्रियता बरती जा रही है, उनमें अलीगढ़ भी शामिल है। एक-एक खुराफाती को रडार पर रखा जा रहा है। गांव-गांव व शहर के मोहल्लों-मोहल्लों में इनपुट जुटाया जा रहा है। किसी भी स्तर पर कहीं कानून व्यवस्था बिगड़ने के हालात न बन पाएं और कोई पहले से साजिश रच के न बैठा हो, इस पर विशेष फोकस रखा जा रहा है।
अयोध्या मसले पर इसी पखवाड़े में सुप्रीम कोर्ट स्तर से निर्णय आना है। अब निर्णय जो भी हो, जिसके भी पक्ष में हो, मगर पुलिस प्रशासनिक स्तर से और शासन के स्तर से सुरक्षा, कानून व्यवस्था पर विशेष फोकस रखा जा रहा है। हालात वर्ष 2011 में हाईकोर्ट स्तर से निर्णय दिए जाने के समय जैसे ही बन रहे हैं। पुलिस टीमें उसी तरह की तैयारियां करने में जुटी हैं। गांव-गांव व शहर के मिश्रित आबादी वाले मोहल्लों से लेकर पुराने सूचीबद्ध खुराफातियों तक को रडार पर लिया गया है। एक एक व्यक्ति का पूरा ब्योरा एजेंसियां जुटाकर अपने पास रख रही हैं।
प्रयास किया जा रहा है कि कौन सी बात कहां से शुरू हुई और किसके जरिये कहां तक पहुंची, यह सभी तरह की खबर एजेंसियों के पास रहे। इसी कड़ी में आईबी ने अलीगढ़ सहित पश्चिमी यूपी के सभी प्रमुख शहरों को अलर्ट पर ले लिया है। चूंकि दिल्ली एनसीआर से सटी पश्चिमी यूपी के शहरों से ही कोई गुबार किसी भी वक्त उठता है और उससे बड़ा संदेश जाता है। इन तमाम बातों पर ध्यान रखा जा रहा है। इस विषय में एसएसपी आकाश कुलहरि इतना ही कहते हैं कि सुरक्षा व्यवस्था दुरुस्त रखने के हर संभव प्रयास किए जा रहे हैं। किसी को गड़बड़ी फैलाने का मौका नहीं दिया जाएगा।