क्वार्सी क्षेत्र में पीएसी के पास शुक्रवार रात दो कारों में हुई दुर्घटना के बाद कार सवारों में हुए विवाद मारपीट के दौरान एक कार सवार युवकों ने दूसरी कार सवार परिवार संग लूट कर ली। इस दौरान महिला से अभद्रता-छेड़खानी करते हुए आरोपी मारपीट कर नकदी व जेवर लूट ले गए। घटना के संबंध में तहरीर के आधार पर पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी है।
अतरौली निवासी फर्नीचर व्यापारी का हाल ही में निकाह हुआ है। सोमवार रात सिविल लाइंस जौहरा बाग स्थित ससुराल से पत्नी के साथ आई-10 कार में सवार होकर अतरौली लौट रहे थे। कार को ड्राइवर चला रहा था। इसी बीच रामघाट रोड पीएसी स्थित पेट्रोल पंप के पास सामने से एक वैगनआर कार आई और सामने से आई-10 को टक्कर मार दी।
इसके बाद दोनों कार वहीं रुक गई और दूसरी कार में से आधा दर्जन युवक उतरे। सभी नशे में थे। उन्होंने कार चालक से मारपीट शुरू कर दी। जब नवदंपती ने विरोध किया तो महिला संग अभद्रता करते हुए छेड़खानी कर दी। इतना ही नहीं, शोरगुल पर राह चलता दूधिया बीचबचाव में आया तो उसके साथ भी मारपीट कर दी।
इस दौरान किसी तरह कार सवारों ने खुद को बचाया। महिला का बैग कार में रह गया, जिसे हमलावर कार सवार ले गए। उस बैग में कुंडल और दस हजार रुपये आदि रखा था। इस सूचना पर हरकत में आई पुलिस ने हमलावर कार सवारों को घेरा तो वे अपनी कार तालानगरी के पास छोड़कर भाग गए।
उसमें महिला का पर्स भी मिला, मगर उसमें से जेवर व नकदी गायब थे। इंस्पेक्टर क्वार्सी विजय सिंह के अनुसार मामला एक्सीडेंट के दौरान हुए विवाद में मारपीट, लूट व छेड़खानी आदि का है। हमलावरों द्वारा छोड़ी गई कार हरियाणा नंबर की है। उसके आधार पर बदमाशों को तलाशा जा रहा है।
जेल भेजा गया प्रवीन बाजौता का भाई प्रदीप
संदीप गुप्ता हत्याकांड में आरोपी शूटर प्रवीन बाजौता के भाई प्रदीप को पुलिस ने शनिवार को जेल भेज दिया। बता दें कि अलीगंज के संदीप गुप्ता की 27 दिसंबर को हत्या की गई थी। इस मामले में अब तक 12 आरोपी जेल गए हैं। शुक्रवार को पुलिस ने शूटर प्रवीन बाजौता के तयेरे भाई प्रदीप का पकड़ा था। उसने पूछताछ में पुलिस को काफी कुछ बताया। सीओ तृतीय श्वेताभ पांडेय के अनुसार शनिवार को उसे जेल भेज दिया गया।