अलीगढ़ नगर निगम बोर्ड के कार्यकारिणी की बैठक में बढ़ाए गए बजट पर मुहर लगेगी। सड़कों के लिए 370 करोड़, सफाई, आउटसोर्स कर्मियों एवं नवसृजित सफाई के कामों के लिए 170 करोड़, 13 विभागों के वेतन वितरण में 1530 लाख खर्च प्रस्तावित है। इन पर चर्चा होगी।
अलीगढ़ महानगर के विकास के लिए नगर निगम ने आगामी वित्तीय वर्ष का बजट बढ़ाया है। इसको 1200 करोड़ से 1450 करोड़ रुपये कर दिया गया है। सर्वाधिक रकम सड़क निर्माण, जलकल, सफाई, स्वास्थ्य व वेतन के लिए प्रस्तावित है। 29 मार्च को वित्तीय वर्ष 2025-26 के बजट को सदस्यों के समक्ष पास करने के लिए रखा जाएगा। कार्यकारिणी की बैठक में इस पर मुहर लगाई जाएगी।
विज्ञापन
अलीगढ़ नगर निगम ने पुनरीक्षित बजट में बढ़ोत्तरी की है। नये वित्तीय वर्ष में सड़कों के लिए 370 करोड़ रुपये का खर्च प्रस्तावित है। सफाई, आउटसोर्स कर्मियों एवं नवसृजित सफाई के कामों के लिए 170 करोड़ रुपये का प्रस्ताव है। 13 विभागों के वेतन वितरण में 1530 लाख रुपये खर्च होंगे। कई मदों में आय के भी स्रोत बढ़ाए जाएंगे। मसलन, पहले रोड कटिंग पर 8.40 लाख रुपये वसूली होती थी, जिसे बढ़ाकर 50 लाख किया गया है।
जलकर, जल-मूल्य, ड्रेनेज, सीवर चार्ज, यूजर चार्ज समेत अन्य मदों में 2024 में आय 2285 लाख प्रस्तावित थी, जो 2025-26 में 7417 लाख रुपये की गई है। 2024-25 पुनरीक्षित बजट में 220 करोड़ रुपये का बजट था जो कि 2025-26 में बढ़ाकर 260 करोड़ रुपये कर दिया गया है।