मुस्लिम महिला ने घर में स्थापित किया श्रीराम मंदिर
- फोटो : अमर उजाला
बीमार बेटे के स्वस्थ होने पर मुस्लिम महिला ने अपने घर में श्रीराम मंदिर की स्थापना की है। एसएसपी को पत्र लिखकर सुरक्षा की गुहार लगाई है। भाजपा महावीरगंज मंडल महिला मोर्चा की मंत्री एवं प्रधानमंत्री जन कल्याणकारी योजना प्रचार-प्रसार अभियान की जिलाध्यक्ष रूबी आसिफ खान ने 14 वर्षीय बेटे की तबियत खराब होने पर स्वस्थ होने के लिए ईश्वर से मन्नत मांगी थी।
निजी अस्पताल में बेटे का उपचार चल रहा था। बेटा स्वस्थ होकर घर आ गया है। रूबी आसिफ खान ने बताया कि बेटे के स्वस्थ होने के बाद घर में मंदिर स्थापित किया। उसमें श्रीराम व गणेश जी की मूर्तियां स्थापित की है।
एसएसपी को लिखा पत्र
थाना देहलीगेट क्षेत्र के एडीए कॉलोनी माबूदनगर, शाहजमाल निवासी रूबी आसिफ खान पत्नी मो. आसिफ ने एसएसपी को पत्र लिखकर कहा है कि कुछ लोग मुझे बदनाम करके मेरी हत्या कराना चाहते हैं। जांच कर दोषी लोगों के खिलाफ कार्रवाई की जाए। रूबी का कहना है कि चंद रोज पहले इस्लाम छोड़कर हिंदू धर्म अपनाने वाला व्यक्ति व उसके साथ के लोग गलत आरोप लगा रहे हैं।