घटना की सूचना के बाद एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी अभिषेक व सीओ अनिल समानिया दल-बल के साथ एएमयू पहुंच गए। छात्र नेता हुजैफा आमिर एवं हमजा सुफयान की पुलिस अधिकारियों से भी नोकझोंक हुई। उन्होंने जेल जाने तक का ऐलान कर दिया। इस पर कैंपस में शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए छात्र संघ के निवर्तमान तीनों पदाधिकारी व एक छात्र नेता को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।
छात्र नेता इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जीप में सवार हो गए। इस कार्रवाई के बाद कैंपस में माहौल तनावपूर्ण होते देख काफी संख्या में पुलिस, पीएसी आरएएफ चारों ओर तैनात कर दी गई है। वहीं एएमयू प्रवक्ता प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि प्रशासनिक भवन में तोड़फोड़ एवं उपद्रव के मामले में एसटीएस स्कूल के 10 छात्रों को निलंबित किया गया है।
उन्होंने बताया कि बुधवार को वीसी ऑफिस में उपद्रव व गुरुवार को प्रशासनिक भवन में उपद्रव तथा तोड़फोड़ मामले में थाने में तहरीर दे दी गई है। जिस पर देर रात थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा था।
पिछले कई दिन से छात्र नेताओं द्वारा ऐसी गतिविधियां एएमयू के अंदर की गईं, जिससे एएमयू प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। आज इनके द्वारा एएमयू कुलपति की गाड़ी तक को रोका गया। इसके चलते निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चार छात्र नेताओं को हिरासत में लिया गया। इन पर शांति भंग के तहत कार्रवाई की गई है। बाकी माहौल पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है- आकाश कुलहरि एसएसपी
14 दिन के लिए दोनों भेजे जेल, 9 को किए चारों तलब
पुलिस ने गिरफ्तार चारों छात्र नेताओं को एसीएम-द्वितीय अंजुब बी के समक्ष पेश किया। जहां से निवर्तमान अध्यक्ष सलमान व छात्र नेता मोइनुद्दीन को तो जमानत पर रिहा कर दिया गया, जबकि निवर्तमान उपाध्यक्ष व सचिव को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। साथ में इन चारों को न्यायालय ने 9 अगस्त को अपने यहां तलब किया है। अब जेल गए दोनों छात्र नेता 9 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश होने पर अपनी जमानत का अनुरोध कर सकते हैं।