फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

एएमयू हंगामा: फिर हंगामे की भेंट चढ़ा विश्वविद्यालय, चार छात्र नेता गिरफ्तार

Fri, 02 Aug 2019 05:23 AM IST
Prachi Priyam न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
विज्ञापन
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय - फोटो : Social Media
विज्ञापन

एएमयू छात्रसंघ के निवर्तमान पदाधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के बाद तीन दिन से आंदोलनरत छात्रों ने गुरुवार सुबह से ही उग्र रुख अख्तियार कर लिया। इसे लेकर पुलिस प्रशासनिक अमला भी सुबह से ही सतर्क था। इसी बीच दोपहर में जब प्रशासनिक ब्लॉक पर वीसी से मिलने की जिद पर अड़े छात्रसंघ नेताओं ने उनकी गाड़ी रोककर हंगामा किया और साथी छात्रों ने वहां तोड़फोड़ कर जमकर उपद्रव किया तो पुलिस प्रशासनिक टीम हरकत में आ गई।

विज्ञापन


पुलिस बल ने अलीगढ़ मुसलिम विश्वविद्यालय छात्रसंघ के निवर्तमान अध्यक्ष सलमान इम्तियाज, उपाध्यक्ष हमजा सुफयान, सचिव हुजैफा आमिर रशादी व छात्र मोइनुद्दीन को गिरफ्तार कर लिया। चारों को पुलिस लाइन भेज दिया और शांति भंग में पाबंद कर एसीएम-द्वितीय के समक्ष पेश किया गया। जहां से निवर्तमान उपाध्यक्ष व सचिव को जेल भेज दिया गया, जबकि बाकी दोनों को जमानत दे दी गई। वहीं, प्रशासनिक ब्लाक में तोड़फोड़ एवं उपद्रव के मामले में दस स्कूली छात्रों को निलंबित किया गया है। कैंपस के माहौल को देखते हुए भारी संख्या में आरएएफ व पुलिस फोर्स तैनात कर दी गई है।

एएमयू प्रशासन द्वारा छात्र संघ के निवर्तमान उपाध्यक्ष हमजा सुफयान के निष्कासन व निवर्तमान सचिव हुजैफा आमिर के निलंबन के विरोध में गुरुवार सुबह एएमयू के एसटीएस स्कूल (मिंटो सर्किल) के छात्र भी कूद गए। उन्होंने अनूपशहर रोड जाम कर प्रदर्शन किया। विभागों को बंद कराते हुए स्कूली छात्र कुछ सीनियर छात्रों के साथ प्रशासनिक भवन पहुंच गए और वहां उपद्रव किया। लात मारकर एक गेट को तोड़ दिया। सीसीटीवी कैमरा तोड़कर साथ ले गए।
विज्ञापन


अधिकारियों के नेम प्लेट उखाड़कर और शीशे आदि को नुकसान पहुंचाया। छात्र नेता हुजैफा आमिर व हमजा सुफयान ने समर्थकों के साथ ऑफिस से निकलते समय वीसी प्रो. तारिक मंसूर की गाड़ी को घेर लिया। इस दौरान तीखी बहस हुई। वहां से छात्र नेताओं को हटाया गया तो प्रशासनिक ब्लाक के गेट पर आ गए। 

विज्ञापन

घटना की सूचना के बाद एसएसपी आकाश कुलहरि, एसपी सिटी अभिषेक व सीओ अनिल समानिया दल-बल के साथ एएमयू पहुंच गए। छात्र नेता हुजैफा आमिर एवं हमजा सुफयान की पुलिस अधिकारियों से भी नोकझोंक हुई। उन्होंने जेल जाने तक का ऐलान कर दिया। इस पर कैंपस में शांति व्यवस्था को ध्यान में रखते हुए छात्र संघ के निवर्तमान तीनों पदाधिकारी व एक छात्र नेता को हिरासत में लेकर पुलिस लाइन भेज दिया।

छात्र नेता इंकलाब जिंदाबाद के नारे लगाते हुए जीप में सवार हो गए। इस कार्रवाई के बाद कैंपस में माहौल तनावपूर्ण होते देख काफी संख्या में पुलिस, पीएसी आरएएफ चारों ओर तैनात कर दी गई है। वहीं एएमयू प्रवक्ता प्रो. शाफे किदवई ने बताया कि प्रशासनिक भवन में तोड़फोड़ एवं उपद्रव के मामले में एसटीएस स्कूल के 10 छात्रों को निलंबित किया गया है।

उन्होंने बताया कि बुधवार को वीसी ऑफिस में उपद्रव व गुरुवार को प्रशासनिक भवन में उपद्रव तथा तोड़फोड़ मामले में थाने में तहरीर दे दी गई है। जिस पर देर रात थाने में मुकदमा दर्ज किया जा रहा था। 

पिछले कई दिन से छात्र नेताओं द्वारा ऐसी गतिविधियां एएमयू के अंदर की गईं, जिससे एएमयू प्रशासन को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा था। आज इनके द्वारा एएमयू कुलपति की गाड़ी तक को रोका गया। इसके चलते निरोधात्मक कार्रवाई करते हुए चार छात्र नेताओं को हिरासत में लिया गया। इन  पर शांति भंग के तहत कार्रवाई की गई है। बाकी माहौल पर पूरी तरह से नजर रखी जा रही है- आकाश कुलहरि एसएसपी

14 दिन के लिए दोनों भेजे जेल, 9 को किए चारों तलब

पुलिस ने गिरफ्तार चारों छात्र नेताओं को एसीएम-द्वितीय अंजुब बी के समक्ष पेश किया। जहां से निवर्तमान अध्यक्ष सलमान व छात्र नेता मोइनुद्दीन को तो जमानत पर रिहा कर दिया गया, जबकि निवर्तमान उपाध्यक्ष व सचिव को 14 दिन के लिए जेल भेज दिया गया। साथ में इन चारों को न्यायालय ने 9 अगस्त को अपने यहां तलब किया है। अब जेल गए दोनों छात्र नेता 9 अगस्त को न्यायालय के समक्ष पेश होने पर अपनी जमानत का अनुरोध कर सकते हैं।
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें