दिल्ली के एक शिक्षण संस्थान की छात्रा ने अलीगढ़ मुस्लिम यूनिवर्सिटी के एक शिक्षक पर शादी का झांसा देकर उसका यौन उत्पीड़न करने का आरोप लगाया है। पीड़ित छात्रा ने इस संबंध में कुलपति प्रोफेसर तारिक मंसूर को मेल के जरिये पत्र भेजकर अपनी आपबीती बताई है।
छात्रा के अनुसार, एक अन्य इंस्टीट्यूट में पढ़ने के दौरान उसकी और शिक्षक के बीच नजदीकियां हो गई थीं। शिक्षक ने शादी करने का झांसा देकर उसका उत्पीड़न किया। अब शिक्षक ने उसके साथ वादाखिलाफी करके दूसरी लड़की से शादी कर ली है। छात्रा ने कहा कि शिक्षक ने उसे धोखा दिया है और अब जान से मारने की धमकी भी दी है।
इस संबंध में एएमयू के जनसंपर्क विभाग के मेंबर इन इंचार्ज प्रोफेसर शाफे किदवई ने कहा कि इस तरह की किसी शिकायत के बारे में उन्हें जानकारी नहीं है। अगर ऐसी शिकायत आती है तो मामले की जांच कराकर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।