थाना महुआखेड़ा के क्वार्सी बाईपास स्थित बीयर व देसी शराब की दुकान में चोरों ने दीवार काटकर हजारों रुपये की नकदी व सामान चोरी कर ले गए। पूरी घटना वहां लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई है। क्वार्सी क्षेत्र के दिव्यांशु अग्रवाल की बाईपास रोड पर बीयर की दुकान है। रात में सेल्समैन दुकान बंद कर चले गए।
इसी बीच चोरों ने दुकान के पिछले हिस्से में नकब लगाकर दीवार को काट लिया और नकदी व सामान चोरी कर ले गए। सुबह पहुंचे सेल्समैन ने जैसे ही शटर खोला तो दुकान में सामान अस्त-व्यस्त देखकर उसने दुकान स्वामी को जानकारी दे दी। इलाका पुलिस भी आ गई। पीड़ित दिव्यांशु अग्रवाल के अनुसार चोर दुकान के गल्ले में रखे 10 हजार रुपये व हजारों रुपये का सामान चोरी कर ले गए हैं।
पड़ोस की देसी शराब की दुकान से चोर दो शराब की पेटी व गल्ले से चार हजार रुपये चोरी कर ले गए हैं। महुआखेड़ा के प्रभारी निरीक्षक सुनील कुमार ने बताया कि जांच के दौरान दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे की फुटेज में दो चोर घटना को अंजाम देते हुए नजर आए हैं। चोरों की पहचान कराई जा रही है, जल्द पकड़कर चोरी की घटना का पर्दाफाश किया जाएगा।