हर सप्ताह शनिवार और रविवार को रहने वाला लॉकडाउन सात सप्ताह बाद आज खत्म हो रहा है। शनिवार को आम दिनों की तरह सुबह नौ से रात नौ बजे तक बाजार खुलेंगे। रविवार को संपूर्ण लॉकडाउन रहेगा। सिर्फ दूध, सब्जी, फल की दुकानों को सुबह सात से 11 बजे तक खुलने की अनुमति दी गई है। वहीं, राज्य सरकार की रोडवेज बस सेवा और रेलवे की सेवा चालू रहेगी। मालवाहक वाहनों को भी नहीं रोका जाएगा।
जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह के मुताबिक लोगों को रविवार के लॉकडाउन का पालन करना अनिवार्य होगा। बेवजह घूमने वालों पर कार्रवाई होगी। वाहनों के चालान भी काटे जाएंगे। जिनको ट्रेन या रोडवेज बस से सफर करना है वह सिर्फ आ-जा सकते हैं। इनको किसी भी प्रकार के पास की जरूरत नहीं रहेगी। राष्ट्रीय और राज्य राजमार्ग के किनारे स्थित ढाबे और पेट्रोल पंप खुलेंगे। शहर के भीतर ढाबे और पेट्रोल पंप बंद रहेंगे। शराब की दुकानों को खोला जा सकेगा। वहीं, मेडिकल स्टोर्स भी पहले की तरह ही साप्ताहिक लॉकडाउन में खुले रहेंगे।
बता दें कि राज्य सरकार ने 18 जुलाई से शनिवार और रविवार को लॉकडाउन रखने की घोषणा की थी। सात सप्ताह इस नियम का पालन किया गया। अब राज्य सरकार ने शनिवार को लॉकडाउन न रखने का एलान किया है। सिर्फ रविवार को संपूर्ण साप्ताहिक बंदी रहेगी।