तमिलनाडु में करीब दो साल मजदूरी करने वाले एक मजदूर को बकाया पैसे मांगना महंगा पड़ा। ठेकेदारों ने उसे बेरहमी से पीटा और उसके आगे के दांत तोड़ दिए। पीड़ित की पत्नी की शिकायत पर क्वार्सी थाने में तीन आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है।
क्वार्सी थाना क्षेत्र के शहंशाबाद की रजिया ने बताया कि उनके पति मुकीम ने तमिलनाडु के तिरुपुर में बिस्तर की चादरें बेचीं। उन्होंने लगभग 1 साल 9 महीने तक फेरी लगाने का काम किया था। यह काम बुलंदशहर के डिबाई मोहल्ला कस्सावान निवासी मुजाहिद, साजिद और राशिद के अधीन था। मुकीम दिनभर की कमाई मालिकों को सौंप देते थे। उनकी कुल मजदूरी करीब 2,40,000 रुपये बनती थी। आरोपियों ने उसे सिर्फ 50,000 रुपये दिए थे। 1,90,000 रुपये बकाया चल रहे थे।
जब मुकीम ने अपने बकाया 1,90,000 रुपये मांगे, तो आरोपी आगबबूला हो गए। मुजाहिद, साजिद और राशिद ने मिलकर मुकीम के साथ जमकर मारपीट की। लोहे के घूंसों से उसके मुंह पर प्रहार किए गए, जिससे जबड़ा हिल गया और आगे के दांत टूट गए। जान बचाकर मुकीम अलीगढ़ वापस आया। पुलिस ने तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है। सीओ तृतीय सर्वम सिंह के मुताबिक पुलिस आरोपियों की तलाश और बकाया रकम दिलाने की कानूनी प्रक्रिया में जुट गई है।