बुधवार की देर रात नोएडा में आए हल्के भूकंप की कंपन अलीगढ़ तक महसूस की गई। नोएडा में बुधवार की रात को 10:42 बजे पर रिक्टर पैमाने पर 3.0 तीव्रता का हल्का भूकंप आया। इसका कंपन पूरे एनसीआर सहित अलीगढ़ तक महसूस हुआ।
अलीगढ़ मुस्लिम विश्वविद्यालय के भूगोल विभाग के चेयरमैन प्रोफेसर अतीक अहमद ने बताया कि अलीगढ़ की भौगोलिक संरचना प्राकृतिक रूप से ही भूकंप रोधी है। इसलिए यहां पर भूकंप बहुत ज्यादा प्रभावित नहीं कर सकता। अलीगढ़ प्राकृतिक रूप से यमुना और गंगा के बीच दोआबा में स्थित है। इसलिए यहां की जमीन झटकों को आसानी से झेल सकती है। अभी 6 दिन पहले ही 29 मई को रोहतक में रिक्टर पैमाने पर 4.6 तीव्रता का भूकंप आया था। जिसका असर अलीगढ़ में लगभग न के बराबर था। इससे पहले भी दिल्ली और एनसीआर क्षेत्र में भूकंप के झटके अनुभव किए गए हैं, लेकिन अलीगढ़ पूरी तरह सुरक्षित रहा है।
गिरासू भवनों को लेकर नगर निगम अलर्ट, नोटिस की तैयारी
6 दिन में लगातार दूसरी बार जमीन के अंदर कंपन होने को लेकर नगर निगम ने इसको गंभीरता से लिया है। शहर में गिरासू मकानों की सूची निकाल कर उनके स्वामियों को नोटिस भेजने की तैयारी की जा रही है कि उन्हें स्वयं ही भवन के भविष्य को लेकर निर्णय लेना है। अलीगढ़ के अंदर 150 से अधिक गिरासू भवन चिन्हित हैं। हालांकि, 90 फ़ीसदी से अधिक इमारतों पर न्यायालय में वाद विचाराधीन है।