अलीगढ़ शहर अब स्मार्ट सिटी है। यहां हर चौराहे पर एडवांस्ड सिग्नल व लाइव सीसीटीवी कैमरे मौजूद हैं। ऐसे में यहां अब सभी को स्मार्ट बनना पड़ेगा। इतना ही नहीं सड़क सुरक्षा के लिए चौराहों पर लगे सिग्नलों से मिलने वाले दिशा निर्देशों को अपनाना होगा। अगर हम यातायात नियमों का पालन करेंगे तो दुर्घटना दर कम हो जाएगी। इससे सड़क सुरक्षा का ध्येय पूरा होगा। प्रदेश में सबसे अधिक दुर्घटना वाले 10 जनपदों में अलीगढ़ का स्थान है। जिसे ठीक तभी किया जा सकता है। जब जनपदवासी सड़क सुरक्षा के नियमों का अनुपालन करें। यह विचार सोमवार को नौरंगीलाल जीआईसी में सड़क सुरक्षा रैली के शुभारंभ पर शहर विधायक संजीव राजा ने रखे।
शहर विधायक के साथ जिलाधिकारी चंद्रभूषण सिंह ने हरी झंडी दिखाकर सड़क सुरक्षा रैली का शुभारंभ किया। जिलाधिकारी ने कहा कि पुलिस की कार्रवाई से डरकर सीट बेल्ट अथवा हेल्मेट का प्रयोग न करें। बल्कि स्वयं अपनी इच्छा से और अपनी जिम्मेदारी को समझते हुए इसका प्रयोग करें। अपने जानने वालों को भी इसके लिए प्रेरित करें। यहां प्रधानाचार्य शीलेंद्र कुमार ने कहा कि हम प्रत्येक कक्षा में एक सड़क सुरक्षा अभियान के लिए वालेंटियर बनाएंगे। जो अन्य छात्रों को प्रेरित करेंगे। यह वालेंटियर यह समझाएंगे कि कम उम्र में लाइसेंस के बिना कोई भी वाहन न चलाएं। इसके लिए अभिभावकों को भी जागरूक होना चाहिए। रैली निकालकर बच्चों ने भी राहगीरों, स्थानीय लोगों को जागरूक किया। इस मौके पर यातायात पुलिस अधीक्षक सतीश चंद्र, आरटीओ प्रशासन केडी सिंह गौर, आरटीओ प्रवर्तन फरीदउद्दीन, एआरटीओ प्रवर्तन अमिताभ चतुर्वेदी, डीआईओएस डॉ. धर्मेंद्र शर्मा, केपी गौड़, नेपाल सिंह आदि मौजूद रहे।