14 जून को नीट यूजी-2025 परीक्षा के नतीजे घोषित कर दिए गए। परीक्षा में 10 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी, जिसमें अलीगढ़ जिले में 265 परीक्षार्थी सफल हो गए हैं। 4 मई को 20 परीक्षा केंद्रों पर परीक्षा हुई थी।
परीक्षा परिणाम जानने के लिए परीक्षार्थियों में खूब उत्सुकता रही। वेबसाइट पर जिनके रोल नंबर नहीं दिखे, वह मायूस हो गए और जिनके दिख गए, वह खुशी से झूम उठे। घर-परिवार में एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर सफल होने की बधाई दी। रिश्तेदारों और शुभचिंतकों ने फोन करके सफल परीक्षार्थियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने कहा कि याशिका सिंह को 694वीं रैंक, यश प्रताप सिंह को 715वीं रैंक और तुलिका अग्रवाल को 894वीं रैंक मिली।
सफल परीक्षार्थियों ने अपनी सफलता का श्रेय मजबूत शैक्षणिक नींव, संकल्पना की स्पष्टता और अनुशासित अध्ययन दिनचर्या को दिया। परीक्षा के नोडल अधिकारी खुशीराम ने बताया कि परीक्षा केंद्रों पर 10 हजार से ज्यादा परीक्षार्थियों ने परीक्षा दी थी। पहली बार सरकारी कॉलेज को परीक्षा केंद्र बनाया गया था।
चंडौस ब्लॉक के गांव भोजपुर निवासी संजीव उपाध्याय के पुत्र अंशुल उपाध्याय ने नीट की परीक्षा पास की है। उनकी ऑल इंडिया रैंक 789 है। उनका एमबीबीएस में प्रवेश तय माना जा रहा है। अंशुल ने महर्षि दयानंद सरस्वती इंटर कॉलेज से इंटर की परीक्षा पास की थी। दो वर्ष से अलीगढ़ में रहकर नीट की तैयारी कर रहे थे। उनके नीट पास करने पर एक इंस्टीट्यूट के चेयरमैन गणेदत्त शर्मा, विनाेद गुप्ता, अनिल शर्मा, नीरज शर्मा, धीरज उपाध्याय, भुवनेश उपाध्याय, पवन उपाध्याय ने हर्ष व्यक्त किया है।
छर्रा की ईशा भी हुईं कामयाब, घर में जश्न
छर्रा के श्री शांति देवी कल्याण दास सरस्वती विद्या मंदिर की छात्रा ईशा गुप्ता ने नीट की परीक्षा में ऑल इंडिया रैंक 2252 प्राप्त की है। उनके नीट पास करने पर परिवार सहित विद्यालय परिवार में उत्साह है। प्रधानाचार्य बालकिशन अग्रवाल ने ईशा को बधाई व शुभकामनाएं दीं। विद्यालय प्रबंध समिति के अध्यक्ष राजीव बंसल, उपाध्यक्ष सुभाष अग्रवाल, प्रबंधक राकेश गर्ग, कोषाध्यक्ष विपुल गुप्ता, समिति के सदस्य राजीव अग्रवाल, नवनीत माहेश्वरी, गौरव अग्रवाल एवं दीपक गुप्ता ने बधाई देते हुए कहा कि ईशा गुप्ता की सफलता विद्यार्थियों को पढ़ाई में मेहनत कर आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।