सिविल लाइंस क्षेत्र में सेंटर प्वाइंट के मैरिस रोड स्थित नवनिर्मित सिटी सेंटर मॉल के सुरक्षा गार्ड ने सोमवार सुबह मॉल के सफाईकर्मी की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना पर पहुंचे उत्तेजित वाल्मीकि समाज ने मॉल पर जमकर पथराव और तोड़फोड़ की। किसी तरह पुलिस ने लोगों को मॉल से खींचकर बाहर किया। इसके बाद गुस्साई भीड़ ने मॉल के बाहर मैरिस रोड पर जाम लगा दिया और करीब छह घंटे तक जाम लगाकर हंगामा करते रहे। कई बार पुलिस से नोकझोंक हुई और पुलिस प्रशासन व सरकार विरोधी नारेबाजी की गई। किसी तरह शाम करीब 6 बजे जाम खुलवाया गया। देर शाम पोस्टमार्टम के बाद शव सराय हकीम पहुंचा तो वहां जाम लगा दिया। इधर, आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है।
बन्नादेवी क्षेत्र के सराय हकीम का 22 वर्षीय पुनीत पुत्र लक्ष्मण सिटी सेंटर मॉल पर बतौर सफाईकर्मी कार्यरत था। वह आठ बजे अपनी ड्यूटी पर पहुंचा, जहां उसने सफाई शुरू कर दी। इस दौरान मूल रूप से मैनपुरी हाल कबीर नगर सासनी गेट निवासी सिक्योरिटी गार्ड अंशुल चौहान भी तैनात था। आरोप है कि करीब 10 बजे साफ-सफाई को लेकर दोनों में कहासुनी हो गई और दोनों झगड़ा करते-करते मॉल के बाहर आ गए। गुस्से में सिक्योरिटी गार्ड ने लाइसेंसी बंदूक से पुनीत को गोली मार दी। गोली सीने में लगते ही वह मौके पर ढेर हो गया। इस बीच आसपास मौजूद लोगों ने सिक्योरिटी गार्ड की बंदूक छीन ली और वह भाग गया। बाद में लोगों ने पुनीत को पहले पास के नर्सिंग होम और फिर जेएन मेडिकल कॉलेज लेकर गए, जहां उसे मृत घोषित कर दिया।
खबर पर एसपी सिटी, सीओ तृतीय सहित इलाका पुलिस मौके पर पहुंच गई और बंदूक कब्जे में ले ली गई। वहीं, पुनीत के परिवार, मोहल्ले आदि के वाल्मीकि समाज के तमाम लोग पहुंच गए और उन्होंने गुस्से में मॉल के अंदर घुसकर तोड़फोड़ करते हुए पथराव कर दिया। करीब आधा घंटे तक मॉल के अंदर अराजक माहौल रहा। पुलिस के सामने ही लोग मॉल के अंदर कंपनियों के शोरूमों के शीशे तोड़ते रहे और मुख्य दरवाजे का शीशा भी तोड़ दिया। सीओ व अन्य पुलिसकर्मियों ने इन लोगों को खींचकर बाहर किया।
इस बीच अन्य थानों का फोर्स, पीएसी, क्यूआरटी भी पहुंच गई और मॉल के बाहर सुरक्षा घेरा बना लिया गया। करीब 11:30 बजे से यह लोग मॉल के सामने कूड़े की गाड़ियां मैरिस रोड पर लगाकर जाम लगा धरने पर बैठ गए। इस दौरान तमाम दलों व सफाई कर्मचारी संगठनों से जुड़े नेता पहुंच गए। एडीएम सिटी व एसपी सिटी के स्तर से समझाने-मनाने का दौर शुरू हुआ। बताया गया कि आरोपी गार्ड को गिरफ्तार कर लिया गया है। मगर इनके स्तर से मुआवजा, सरकारी नौकरी, मॉल मालिक पर कार्रवाई आदि की मांग उठाई जाने लगीं। शाम 6 बजे मुआवजा, नौकरी, गार्ड सहित मॉल मालिक पर मुकदमे की मांग माने जाने पर जाम व धरना खत्म किया। इसके बाद देर शाम भीड़ पोस्टमार्टम पर मौजूद रही। शव जब यहां से पुनीत के मोहल्ले में पहुंचा तो वहां शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। पुलिस के समझाने पर जाम खोल दिया और शव शमशान के लिए ले जाया गया।
- आपसी कहासुनी में हुई इस घटना में परिवार की मांग पर गार्ड व मॉल मालिक पर मुकदमा दर्ज किया गया है। गार्ड गिरफ्तार है। मामले की विवेचना एसपी सिटी के निर्देशन में सीओ तृतीय द्वारा की जाएगी। जांच में जो तथ्य उजागर होंगे, उसके अनुसार आगे कार्रवाई पर निर्णय लिया जाएगा।-कलानिधि नैथानी, एसएसपी
हत्या का आरोपी गार्ड।- फोटो : CITY OFFICE
सफाई कर्मी पुनीत का फाइल फोटो- फोटो : CITY OFFICE