नीट स्पेशल ट्रेन में अकेला बैठा नीट अभ्यर्थी।
- फोटो : CITY OFFICE
नीट परीक्षा को लेकर अलीगढ़ जंक्शन से दिल्ली के लिए चलाई नीट परीक्षा स्पेशल ट्रेन रेलवे की लापरवाही की वजह से घाटे का सौदा साबित हुई। अलीगढ़ जंक्शन से रवानगी के समय ट्रेन में सिर्फ चार परीक्षार्थी सवार हुए। उन्होंने 120 रुपये की चार टिकट खरीदीं। वापसी में भी ट्रेन में परीक्षार्थियों की संख्या न के बराबर रही।
एनसीआर रेलवे ने परीक्षा स्पेशल ट्रेन का 12 अगस्त को एलान किया। प्रचार प्रसार न होने के चलते जानकारी के अभाव में परीक्षार्थी अपने वाहनों या बसों के जरिये दिल्ली चले गए। सुबह 9:05 बजे अभ्यार्थियों के लिए ट्रेन जब रवाना होने को हुई तो अधिकारियों को पसीना छूट गया। मात्र चार सवारी ट्रेन में सवार थीं। स्टेशन अधीक्षक डीके गौतम ने बताया कि ट्रेन में चार परीक्षार्थी अलीगढ़ जंक्शन से सवार होकर गए। यहां से ट्रेन खुर्जा स्टेशन पर 9:46 बजे, दादरी पर 10:21 बजे, गाजियाबाद पर 10:44 बजे, साहिबाबाद पर 11:01 बजे पहुंचकर पुरानी दिल्ली 11 बजे पहुंची।