अजगर को पकड़ती वन विभाग की टीम
- फोटो : CITY OFFICE
बरसात का मौसम शुरू होने वाला है जिसमें जहरीले और सामान्य सांपों का प्रकोप सर्वाधिक होता है। सोमवार को लोधा गांव के पास ईंट-भट्ठे के पास एक अजगर पकड़ा गया। ये तकरीबन 15 फुट तक लंबा था, इसको ग्रामीणों की मदद से वन विभाग के अलीगढ़ के रेंजर अरविंद ने पकड़ा था। इसका वीडियो भी सोशल मीडिया में आया। जिसमें वन विभाग के रेंजर डंडों से अजगर को पकड़ते दिख रहे हैं। हैरत की बात है कि स्मार्ट सिटी में वन विभाग के पास सांपों को पकड़ने वाले उपकरण नहीं है। विभागीय बजट के अभाव में कोई संसाधन नहीं है।
अलीगढ़ के रेंजर अरविंद ने बताया कि लोधा से पकड़े गए अजगर को पास के अमरपुर रजवाह में छोड़ दिया गया था। वन विभाग के सांख्यिकी अधिकारी योगेंद्र पाल सिंह भारती ने बताया कि वन्य जीवों को पकड़ने के कोई संसाधन नहीं है। रेंजर भी चार हैं, उनके साथ दूसरा स्टाफ नहीं है। बंदरों को पकड़ने के लिए साल में लगभग एक लाख रुपये ही मिल पाते हैं। जिससे मथुरा की संस्था को भुगतान कर बंदर पकड़वाए जाते हैं।