पुलिस को घटना की जानकारी देती घर की सदस्य
- फोटो : अमर उजाला-फाइल फोटो
महानगर के सासनी गेट क्षेत्र में सेवानिवृत्त एबीएसए के घर लूट को अंजाम देने वाले बदमाश कार में सवार होकर आए थे। सीसीटीवी के आधार पर पुलिस को यह सूबत हाथ लगा है। उसी दिशा में पुलिस ने आगे बढ़ना शुरू कर दिया है। पुलिस की पांच टीमों को इस वारदात के खुलासे में लगाया गया है जिससे जल्द वारदात का खुलासा किया जाए।
आरकेपुरम के पूर्व एबीएसए स्व. कोमल सिंह के घर में शनिवार शाम को बदमाशों ने लूट की वारदात को अंजाम दिया था। इस दौरान घर में पत्नी, दो बेटियां, नाती व बच्चे का ट्यूटर मौजूद थे। इसी बीच बदमाश घुसे और बाद में घुसे दूध वाले को भी अंदर लेकर बंधक बना लिया था। बदमाश यहां से 32 तोला सोना व एक लाख रुपये की नकदी ले गए। चूंकि बदमाशों ने बातचीत में कहा था कि वे किसी भाई के इशारे पर आए हैं। इसलिए इस वारदात में कोमल सिंह की बड़ी बेटी नेहा सिंह ने मेरठ निवासी लद्दाख में तैनात कर्नल कुलदीप सिंह पर अज्ञात बदमाशों को लूट के लिए भेजने का मुकदमा दर्ज कराया है।