जिले की पांच ग्राम पंचायतें मुख्यमंत्री पंचायत प्रोत्साहन पुरस्कार योजना के लिए चयनित की गई हैं। इनकी सूची शासन को भेज दी गई है। शासन स्तर से बेहतर काम करने वाली ग्राम पंचायतों के लिए मुख्यमंत्री प्रोत्साहन पुरस्कार योजना संचालित है। इस योजना में बेहतर काम करने वाली पंचायतों को दस लाख रुपये विकास के लिए अतिरिक्त दिए जाने का प्रावधान है।
पिछले दिनों इस पुरस्कार के लिए आवेदन मांगे गए थे। जिले की कुल 867 पंचायतों में से 57 ने ऑनलाइन आवेदन किया था। जिला स्तरीय कमेटी से 28 पंचायतों का स्थलीय सर्वे कराया गया। इसमें बेहतर काम वाले पांच गांव मानकों पर खरे उतरे। जिला स्तरीय कमेटी के अनुमोदन के आधार पर अब डीएम सेल्वा कुमारी जे. ने पांच गांव के नाम पंचायती राज विभाग निदेशालय को भेज दिए हैं।
इन पंचायतों का हुआ चयन
शासन स्तर से प्रत्येक पंचायत के लिए कुल सौ अंक निर्धारित किए गए हैं, इसमें स्वच्छता, निर्माण कार्य, आय बढ़ाने समेत कई बिंदुओं को शामिल किया गया। सबसे अधिक अंक प्राप्त करने वाली पांच पंचायतों का चयन किया गया है। इनमें जवां की रामनगर को सबसे अधिक 80 अंक, लोधा की खेड़िया हैबत खां को 76, टप्पल की मालव को 65, धनीपुर की कोछोड़ को 59 व गंगीरी की भोनई को 55 अंक मिले हैं।