पुलिस की गिरफ्त में हत्याभियुक्त देवप्रकाश।
- फोटो : JAWAN
जवां के गांव छलेसर में छोटे भाई की पत्नी से प्रेम संबंधों में बाधक बनी मां की हत्या के आरोपी बेटे व छोटे बेटे की बहू को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने स्वीकारा है कि पहले मां को खाने में नींद की गोलियां खिलाकर गहरी नींद सुलाया गया था और फिर आधी रात को चाकू से हत्या की गई थी। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।
एसओ जवां अभय शर्मा ने बताया कि 1 जुलाई की रात को गांव छलेसर में लौंगश्री देवी की हत्या की गई थी। इसका मुकदमा महिला के छोटे बेटे ओमपाल सिंह ने अपने अविवाहित बड़े भाई देवप्रकाश व अपनी पत्नी शीला देवी के खिलाफ दर्ज कराया था, जिसमें दोनों पर आरोप था कि दोनों के रिश्तों का मां विरोध करती थी। इसी से तंग आकर दोनों ने मिलकर मां को मारा है। एसओ के अनुसार इसी आधार पर दोनों को अलग-अलग टीमें लगाकर देवप्रकाश व शीला देवी को गिरफ्तार कर लिया है। दोनों ने हत्या करना स्वीकारते हुए हत्या में प्रयुक्त छुरा भी बरामद कर लिया है। एसओ के अनुसार महिला ने स्वीकारा है कि घटना की रात प्लानिंग के तहत देवप्रकाश नींद की गोलियां लेकर आया, जिन गोलियों को शीला ने मां के खाने में मिलाकर उसे नींद में सुला दिया। इसके बाद ओमपाल को बहाने से बहन के घर भेज दिया। इसी बीच रात ढाई बजे देवप्रकाश ने रात को चाकू से मां की गला रेतकर हत्या कर दी।