मैरिस रोड़ राज पैलेस में पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त करने पहुचे?
- फोटो : CITY OFFICE
सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह का त्रयोदशी संस्कार एक सितंबर को अतरौली के केएमवी इंटर कॉलेज में प्रस्तावित है। हालांकि अभी तक किसी वीवीआईपी का अधिकारिक प्रोग्राम जिला मुख्यालय को नहीं मिला है। मगर अब तक जो संकेत हैं उसके अनुसार मुख्यमंत्री सहित एक दर्जन से अधिक वीवीआईपी त्रयोदशी संस्कार में शामिल हो सकते हैं।
इसी अनुसार तैयारियां भी चल रही हैं और पीएम की अगवानी तक के इंतजाम हो रहे हैं। अंदेशा है कि कहीं ऐसा न हो कि लखनऊ में निधन की खबर पर जिस तरह पीएम अचानक पहुंचे थे, इसी तरह कहीं अचानक यहां न आ जाएं। इसी क्रम में तैयारियों को अंतिम रूप देने के लिए शनिवार को डीएम-एसएसपी ने केएमवी का दौरा किया।
कार्यक्रम स्थल पर वाटर प्रूफ पांडाल में एक प्रार्थना सभा स्थल तैयार किया जा रहा है। उसी स्थल के सहारे तीन कॉटेज और एक साइड में 40 वीवीआईपी के बैठने का इंतजाम और दूसरी साइड में 20 खाने की टेबिल तैयार की जा रही हैं।
यह पांडाल पब्लिक के खाना स्थल से दूर है और इस तरफ सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जा रहे हैं। वहीं पिलखुनी के पास अब तक दो हेलीपैड बनाकर तैयार कर दिए गए हैं। तीन पर और काम चल रहा है। इसके अलावा एडीजी जोन स्तर से आयोजन के दिन के लिए पूरे जोन से पुलिस बल दिए जाने की तैयारी चल रही है।
अब तक की अपुष्ट सूचना के अनुसार मुख्यमंत्री के अलावा भाजपा प्रदेशाध्यक्ष, केंद्र के कई मंत्री, प्रदेश के कई मंत्री, संघ व भाजपा के कई शीर्ष पदाधिकारी सहित एक दर्जन से अधिक वीआईपी के आने के संकेत हैं।
- अभी तक किसी वीवीआईपी का प्रोग्राम नहीं मिला है। मगर इतना जरूर है कि हमने मुख्यमंत्री सहित अन्य कई वीआईपी के आगमन को लेकर तैयारियां कर रखी हैं। किसी भी स्थिति में सुरक्षा इंतजामों में कमी नहीं रहने दी जाएगी।
- कलानिधि नैथानी, एसएसपी