न्यूज डेस्क, अमर उजाला, अलीगढ़
लोधा क्षेत्र में अलीगढ़-पलवल रोड पर शनिवार सुबह-सुबह डंफर ने बाइक व ऑटो को टक्कर मार दी। इस दुर्घटना में फरीदाबाद से लौट रहे ऑटो सवार परिवार के नौ लोग जख्मी हो गए, जिनमें से पांच को नाजुक हालत में जेएन मेडिकल कॉलेज में भरती कराया गया।
पालीमुकीमपुर क्षेत्र के गांव तोछी निवासी एक ही परिवार के अभिषेक कुमार, प्रवीन कुमार, आरती देवी, विनीत कुमार, दीपक कुमार, इंद्रपाल, घूरेलाल व सुरेंद्र सिंह शनिवार सुबह टेंपो में बैठकर फरीदाबाद से गांव जा रहे थे। कस्बा लोधा के पास सड़क निर्माण के चलते यातायात वनवे होने के कारण सामने से आ रहे डंफर ने टक्कर मार दी।
साथ में एक बाइक सवार दिल्ली के सरिता विहार निवासी दीपक थापा पुत्र छविलाल को भी टक्कर मार दी। इस दौरान डंफर चालक डंफर लेकर फरार हो गया। इस दौरान ऑटो सवार लोगों में चीख पुकार मच गई। आनन-फानन राहगीरों ने पुलिस को खबर दे दी और घायलों को एंबुलेंस से जिला अस्पताल भिजवाया। जहां से पांच घायलों को मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। इधर, पुलिस ने मौके पर यातायात व्यवस्था को एक्सीडेंट के बाद तत्काल दुरुस्त कराया।