सुविधाओं और व्यवस्थाओं पर दिए निर्देश
जिलाधिकारी ने विद्यार्थियों की मांग पर सहायक पुस्तकों की उपलब्धता सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। उन्होंने केंद्र अधीक्षक से आवश्यक पुस्तकों की सूची मांगी। जिला समाज कल्याण अधिकारी विनीत मलिक को कॉमन रूम तैयार कराने और 24 घंटे विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा गया। केंद्र पर निशुल्क वाई-फाई सुविधा, मेंटरशिप प्रोग्राम और नियमित टेस्ट सीरीज संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। जिलाधिकारी ने साफ-सफाई, रसोई में स्वच्छता और खाद्य सामग्री की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने खाद्य सामग्री के नमूने लेकर जांच कराने के निर्देश भी दिए।
विभिन्न जिलों के विद्यार्थी से जानीं समस्याएं
मुकुंदपुर आईएएस-पीसीएस पूर्व परीक्षा प्रशिक्षण केंद्र में विद्यार्थियों को निशुल्क रहने और भोजन की सुविधा मिलती है। वर्तमान में यहां करीब 40 विद्यार्थी विभिन्न प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे हैं। ये विद्यार्थी अलीगढ़ के अलावा गाजीपुर, मऊ, मैनपुरी, फिरोजाबाद, महाराजगंज, मेरठ और प्रतापगढ़ से हैं। संवाद के दौरान छात्रों ने केंद्र से संबंधित कई समस्याएं जिलाधिकारी के समक्ष रखीं। जिलाधिकारी ने इन समस्याओं का संज्ञान लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को उनके स्थायी समाधान के निर्देश दिए।
अमन कुमार को दिए सफलता के टिप्स
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने शाहजहांपुर के अमन कुमार को लाइब्रेरी में तैयारी करते देखा। अमन ने बताया कि 23 अगस्त को उनकी लोअर पीसीएस की परीक्षा है। उनका परीक्षा केंद्र मेरठ में पड़ा है। जिलाधिकारी ने अमन को अपने पास बैठाकर उनकी तैयारी के बारे में पूछा। उन्होंने अमन को आत्मविश्वास बनाए रखने और समय का बेहतर उपयोग करने की सलाह दी। परीक्षा के दौरान प्रश्नों को धैर्यपूर्वक हल करने के महत्वपूर्ण टिप्स भी दिए गए।