अलीगढ़। मलखान सिंह जिला अस्पताल में चतुर्थ श्रेणी कर्मचारी के साथ शुक्रवार को बाहर ढकेल लगाने वालों द्वारा की गई मारपीट के प्रकरण में शनिवार को भी कर्मचारियों ने नारेबाजी कर प्रदर्शन किया। दूसरी और घायल दिनेश का एक्सरे कराया गया उसका अभी भी उपचार चल रहा है।
इस दौरान अस्पताल के जीटी रोड साइड वाले गेट पर नाले के ऊपर दुकानें लगाने पहुंचे अतिक्रमण करने वालों को पुलिस ने खदेड़ दिया। हालांकि हमलावर अभी भी पुलिस के हाथ नहीं आया है। सफाई कर्मियों का नेतृत्व कर रहे बबलू कमल ने बताया कि अस्पताल के सभी गेटों से अतिक्रमण हटाने के लिए 24 घंटे की मोहलत दी गई थी, जिसे बढ़ा कर अब 48 घंटे कर दिया गया है। यह समय अवधि रविवार की शाम को पूरी हो जाएगी।
अगर कोई नतीजा नहीं निकला तो सोमवार को अस्पताल का स्टाफ एक बार फिर से आंदोलन का रुख अख्तियार कर सकता है। इस अवसर पर राजेश प्रेमी, विक्रम जीनवाल, सुनील टुंडा, सुरेश चंद्र अकेला, सुरेश, तीर्थराज, जयकिशोर राजू आदि मौजूद थे।