जनता से सीधा संवाद, जनसुनवाई, समय पर सूचना मिलने और तत्काल मौके पर पुलिस के पहुंचने के उद्देश्य से चौकी प्रभारी स्तर को एसएसपी कलानिधि नैथानी ने सीयूजी मोबाइल नंबर जारी कराए। मगर इनमें से काफी संख्या में मोबाइल नंबर या तो बंद रहते हैं या उठते नहीं हैं।
इस तरह की शिकायतों पर संज्ञान लेते हुए एसएसपी ने कुछ नंबर खुद मिलाए, जिनमें 16 नंबर ऐसे पाए गए, जो बंद थे या उठे नहीं। इन सभी के खिलाफ विभागीय जांच शुरू कराई गई है। एसएसपी कलानिधि नैथानी को कुछ समय से इस तरह की शिकायतें मिल रही थीं कि सीयूजी नंबर के फोन उठते नहीं हैं।
इस पर उन्होंने खुद इन नंबरों को मिलाकर देखा। इनमें से 16 नंबरों पर संपर्क नहीं हो सका। इसे लेकर सभी के खिलाफ विभागीय जांच के निर्देश दिए हैं। थानेदारों को हिदायत दी है कि इसी तरह की जांच उनके नंबरों की होगी। अगर उनमें से किसी का नंबर न उठा या बंद मिला तो तत्काल थानेदारी छीन ली जाएगी। अन्य विभागीय जांच अलग से होगी।
ये चौकी प्रभारी आए कार्रवाई की जद में
चौकी तुर्कमान गेट, चौकी गांधीपार्क, चौकी अमीर निशां, चौकी जेल, चौकी अतरौली गेट, चौकी ज्वालापुरी, चौकी बुढासी, चौकी साधु आश्रम, चौकी हल्का पाली, चौकी कस्बा अकराबाद, चौकी कस्बा विजयगढ़, चौकी गोरई, चौकी पला चांद, चौकी जरारा, चौकी हल्का मालव, चौकी अचलताल।