अलीगढ़ : दिल्ली में बजरंग दल कार्यकर्ता रिंकू की हत्या के विरोध में एसीएम रंजीत सिंह को ज्ञापन दे?
- फोटो : CITY OFFICE
दिल्ली के मंगोलपुरी इलाके के बजरंग दल कार्यकर्ता रिंकू शर्मा की हत्या के विरोध में रामलीला मैदान के पास बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शन किया। जिला प्रशासन के माध्यम से राष्ट्रपति को ज्ञापन देकर हत्यारों को फांसी देने, हमलावरों पर रासुका लगाने, रिंकू शर्मा के परिजनों को नौकरी एवं एक करोड़ रुपये का मुआवजा देने की मांग की है।
रिंकू शर्मा की हत्या से आक्रोशित बजरंग दल कार्यकर्ताओं ने रामलीला मैदान के पास जमकर नारेबाजी की। राष्ट्रपति को संबोधित ज्ञापन बजरंग दल के नेताओं ने एसीएम द्वितीय रंजीत सिंह को दिया। बजरंगदल के महानगर संयोजक गौरव शर्मा ने कहा कि श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र अयोध्या द्वारा निधि समर्पण अभियान चलाया जा रहा है। रिंकू शर्मा भी इस अभियान में जा रहा था।
कुछ लोग निधि संग्रह अभियान में जाने पर रिंकू को धमका रहे थे। शिकायत थाने में की गई लेकिन कोई कार्रवाई नहीं की गई। 10 फरवरी को रिंकू शर्मा निधि संग्रह कर घर लौटे तो जेहादियों ने घर पर हमला बोल दिया। पूरे परिवार की हत्या का प्रयास किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली एवं देश में खास धर्म के लोगों को षडयंत्र के तहत निशाना बनाया जा रहा है। इस अवसर पर जगवीर मिश्र, विजेंद्र सिंह, भगत सिंह, नरेश कुमार, शेखर शर्मा, मयंक कुमार, अमित भारद्वाज, विशाल शर्मा आदि मौजूद थे।