लोधी-क्षत्रिय इंप्लाइज एंड इंटलैक्चुअल्स एसोसिएशन की रविवार को आपात बैठक हुई, जिसमें लोधी समाज के नेता लालजी वर्मा व पूर्व जिला पंचायत सदस्य महेंद्र प्रताप सिंह उर्फ पिंका ठाकुुर प्रकरण को लेकर गहन चर्चा हुई। एसोसिएशन के राष्ट्रीय मार्गदर्शन सदस्य व प्रांतीय संरक्षक बाबू सिंह ने आरोप लगाया कि पिंका ठाकुर जमीन पर अवैध कब्जा कर रहे थे।
उन्होंने कहा कि पिंका के खिलाफ पहले से ही कई थानों में आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। जबकि लालजी वर्मा बचपन से ही जनसंघ व भाजपा के कर्मठ कार्यकर्ता रहे हैं। उन्होंने जमीन पर हो रहे कब्जे का विरोध किया था। जानलेवा हमले से पहले उन्होंने मोबाइल फोन से इसका वीडियो बनाकर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को जानकारी देते हुए उनसे न्याय की गुहार लगाई थी।
इसके बाद भी लालजी वर्मा व उनके बेटों पर जानलेवा हमला किया गया। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा नेता आरपी सिंह के इशारे पर एक तरफा कार्रवाई कर रही है। इसे बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने मांग रखी कि मामले की निष्पक्ष जांच कराने के साथ ही निर्दोषों को तुरंत जेल से रिहा किया जाए।
उन्होंने कहा कि लोधी समाज के साथ हो रहे अन्याय का पुरजोर तरीके से विरोध किया जाएगा। आगामी रणनीति तैयार करने को गांव में मड़ी में 28 दिसंबर को सुबह 11 बजे से विशाल सभा का आयोजन किया गया है। बैठक में रनवीर सिंह राजपूत, कुलदीप सिंह, अमित राजपूत, गीतम राजपूत, योगेश कुमार, दीन सहाय आर्य, गोपी सिंह, डॉ. ओमपाल सिंह, जय सिंह, नौरंगी लाल, डॉ. शशि राजपूत आदि मौजूद थे।