महिला कल्याण विभाग द्वारा मिशन शक्ति 3 पर नायिका इवेंट् कार्यक्रम का आयोजन में जिला महिला कल्याण
- फोटो : CITY OFFICE
महिलाओं और बेटियों के हौसले बढ़ाने, स्वावलंबी बनाने एवं उनके मान-सम्मान की सुरक्षा के लिए चलाए जा रहे मिशन शक्ति अभियान के तहत मेगा इवेंट में स्कूली छात्राएं नए अनुभवों से रूबरू हुईं। किसी छात्रा को जिला महिला कल्याण अधिकारी बनाया गया तो किसी को बाल संरक्षण अधिकारी। इस दौरान उन्होंने अफसरों की तरह बच्चों व आम लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित कर्मचारियों को समस्याओं के निस्तारण के आदेश दिए।
मिशन शक्ति अभियान के संबंध में शासन स्तर से सूबे के सभी जिलों को आदेश जारी किए गए थे कि वे अपने-अपने जिलों की मेधावी छात्राओं व बेटियों को एक दिन का अधिकारी बनाएं। सोमवार को डीएम सेल्वा कुमारी जे के निर्देश पर जिला प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह ने जिले में मेगा इवेंट का आयोजन किया।
इसमें ब्लू बर्ड स्कूल की कक्षा 11 की छात्रा मिताली शर्मा को जिला महिला कल्याण अधिकारी बनाया गया। उन्होंने महिला कल्याण अधिकारी की कुर्सी पर बैठकर लोगों की समस्याएं सुनीं। संबंधित कर्मचारियों को भी समस्या निस्तारण के लिए निर्देशित किया। माहेश्वरी गर्ल्स इंटर कॉलेज की 11वीं की छात्रा भूमिका वर्मा को जिला बाल संरक्षण अधिकारी बनाया गया।
भूमिका ने बच्चों से जुड़ी समस्याएं सुनीं। इस दौरान दोनों विभागों से जुड़े अफसरों ने दोनों बेटियों को स्वागत किया। इन्हें उपहार भेंट किए। जिला प्रोबेशन अधिकारी स्मिता सिंह ने बताया कि इस कार्यक्रम का उद्देश्य प्रशासनिक पदों पर क्षेत्र की महिलाओं एवं मेधावी बालिकाओं को एक दिन की सांकेतिक नायिका अधिकारी के रूप में नियुक्त कर दायित्वों के प्रति जागरूक करना है। इस पहल से अन्य महिलाएं व बेटियां भी प्रेरित होंगी।