चंडौस कोतवाली क्षेत्र के गांव ऊमरी में सोमवार की सुबह करीब दस बजे एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी से रुपये मांगे। आठ माह की गर्भवती पत्नी ने रुपये न होने की बात कहते हुए रुपये देने से इनकार दिया इस पर गुस्साए पति ने पास ही रखी कुल्हाड़ी उठाकर दो वार सिर और एक गर्दन पर कर दिया। लहूलुहान गर्भवती को लेकर परिवार वाले अस्पताल पहुंचे जहां डॉक्टर ने गर्भवती को मृत घोषित कर दिया।
करीब छह साल पहले चंडौस के गांव ऊमरी निवासी ओमप्रकाश चौहान पुत्र रविंद्र के साथ कासगंज जनपद के थाना पटियाली के गांव रुस्तमपुर निवासी जयसिंह की बेटी कुंती की शादी हुई थी। कुंती के दो बेटी और एक बेटा है। वर्तमान समय में वह आठ माह की गर्भवती थी। सोमवार की सुबह करीब दस बजे पति ओमप्रकाश शराब पीकर घर पहुंचा। उस समय कुंती नहा रही थी। उसने पत्नी से कुछ रुपये मांगे। घर पर रुपये न होने की बात कहते हुए पत्नी ने रुपये देने से मना कर दिया।
इसी पर गुस्से में लाल, पीले हुए ओमप्रकाश ने कुल्हाड़ी से पत्नी के सिर पर दो वार किए जिससे वह मौके पर गिर गई। इसके बाद कुंती की गर्दन पर वार किया। परिवार वाले उसे खैैर के निजी हास्पिटल में ले गए जहां डॉक्टर ने उसे मृत घोषित कर दिया। सूचना पर चंडौस कोतवाल समय सिंह मौके पर पहुंच गए और आरोपी पति को हिरासत में ले लिया। मृतका के भाई ब्रजेश ने बहनोई ओमप्रकाश और देवर देवेश के खिलाफ दहेज के लिए हत्या करने की रिपोर्ट दर्ज कराई है। भाई के अनुसार ओमप्रकाश आए दिन उसकी बहन को मारपीट कर परेशान कर रहा था।