शराब की पेटीयों के साथ पकड़े गए अभियुक्त।
- फोटो : CITY OFFICE
लोधा थाना क्षेत्र के गोंडा पुल पर मंगलवार को पुलिस ने नकली शराब से भरी एक कैंटर गाड़ी को पकड़ा। तीन शराब तस्कर फरीदाबाद से लाई गई 7.25 लाख की नकली शराब को हाथरस में बेचने के लिए ले जा रहे थे। तीनों के खिलाफ पुलिस ने सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उन्हें जेल भेज दिया है।
लोधा थानाध्यक्ष प्रेमपाल सिंह के मुताबिक मुखबिर के जरिये फरीदाबाद से शराब का जखीरा एक कैंटर गाड़ी में आने की सूचना मिली थी। इसके बाद गोंडा पुल के पास स्थित पेट्रोल पंप के सामने गाड़ी को घेराबंदी कर पकड़ लिया गया।
इसमें से तीन शराब तस्कर विनेश पुत्र ठाकुर दास निवासी संतनगर खेड़ीकला, ओल्ड फ रीदाबाद, महेंद्र पुत्र डालचंद्र निवासी मो. नई बस्ती, मऊरानीपुर, झांसी और नंदू पुत्र इकराम निवासी मो. नई बस्ती, मऊरानीपुर, झांसी को दबोचा गया। महेंद्र और नंदू हाल में भगत सिंह कालोनी सेक्टर-5, फ रीदाबाद में रह रहे थे। गैंग का सरगना विनेश है। इनके पास से 200 पेटी, 9600 पब्बा गुड़ ईवनिंग ब्रांड की अवैध नकली देशी शराब व एक कैटर गाड़ी संख्या एचआर 66 ए 5670 बरामद की है।
पूछताछ में इन्होंने बताया कि यह फरीदाबाद में माल को तैयार करके पश्चिम यूपी के जिलों में इसकी सप्लाई करते हैं। पकड़ी गई शराब को हाथरस ले जा रहे थे। शराब को जब्त किया गया है। तीनों के खिलाफ सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। विनेश इससे पूर्व में भी शराब तस्करी में जेल जा चुका है। तस्करों को दबोचने वाली पुलिस टीम में एसआई मुकेश बाबू, एसआई डा. अमित मलिक, उम्मेद सिंह, उत्तम सिंह, संजीव कपूर, नागेंद्र, जितेंद्र शामिल रहे।