महानगर के क्वार्सी थाना क्षेत्र की स्वर्ण जयंती नगर कालोनी में स्थित एक एटीएम से पैसे निकालने पहुंचे युवक को शातिरों ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड बदलकर 40 हजार रुपये का चूना लगा दिया। मोबाइल पर मिले संदेश के आधार पर युवक को ठगी का पता लगा। मामले में अज्ञात शातिरों के खिलाफ थाना पुलिस को तहरीर देकर मुकदमा दर्ज कराया है।
क्वार्सी इलाके के वैशालीपुरम निवासी संजीव वार्ष्णेय ने बताया कि उनका कैनरा बैंक रेलवे रोड शाखा में खाता है। बेटा शशांक वार्ष्णेय स्वर्ण जयंती नगर स्थित एक बैंक के एटीएम में पैसे निकालने पहुंचा। वहां पर मशीन से पैसे नहीं निकले तो पास ही खड़े दो युवकों ने मदद के बहाने एटीएम कार्ड ले लिया और पैसे निकालने का बहाना बनाने लगे। उनसे भी पैसे नहीं निकले तो उन्होंने कार्ड वापस कर दिया। बेटा वहां से वापस आ गया। थोड़ी देर बाद मोबाइल पर 40 हजार रुपये निकाले जाने का संदेश प्राप्त हुआ। एटीएम कार्ड देखा तो वह बदला हुआ था। इसकी सूचना तत्काल क्वार्सी पुुलिस को दी गई। इंस्पेक्टर क्वार्सी के मुताबिक तहरीर के आधार पर अज्ञात शातिरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर उनकी तलाश शुरू कर दी है।