थाना क्षेत्र के गांव अदूकी नगरिया निवासी शशि ने अपने सब इंस्पेक्टर पति विक्रम सिंह के खिलाफ बृहस्पतिवार को मुकदमा दर्ज कराया। शशि का आरोप है कि उसके होते हुए पति ने दूसरी शादी कर ली। पति पर आरोप लगाते हुए शशि ने कहा कि उससे छुटकारा पाने के लिए तीन बार उसे जान से मारने का प्रयास किया। महिला ने एसएसपी से अपनी आपबीती बताई। एसएसपी के आदेश पर आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया। आरोपी थाना एत्मादपुर (आगरा) में सब इंस्पेक्टर के पद पर तैनात है।
गांव अदूकी नगरिया निवासी शशि पुत्री चंद्रपाल सिंह ने बताया कि उसकी शादी अप्रैल 2017 में थाना एत्मादपुर आगरा में नियुक्त उपनिरीक्षक विक्रम सिंह पुत्र भोजराज सिंह अरनिया, बुलंदशहर के साथ हुई थी। शशि ने बताया कि शादी में लगभग 35 लाख रुपये खर्च हुए थे। शादी के कुछ समय बाद ससुराल वाले लग्जरी कार व 15 लाख रुपयों की मांग करने लगे। पीड़िता का कहना है कि कार और 15 लाख रुपयों की मांग पूरी न होने पर पति विक्रम सिंह व ससुराल वाले उसका मानसिक उत्पीड़न करने लगे। उसके बाद पति उसे आगरा में कारगिल चौराहे के पास किराए के मकान में रखने लगा। जहां 13 जुलाई 2020 को विक्रम और उसके माता-पिता ने महिला के ऊपर मिट्टी का तेल छिड़कर जान से मारने की कोशिश की। वहां से भागकर किसी तरह उसने अपनी जान बचाई।
शशि का आरोप है कि विक्रम सिंह ने अपने माता-पिता भाई बहनों एवं बहनोई नीरज कुमार ग्राम उदयपुर थाना टप्पल के सहयोग से दूसरी शादी कर ली। जब शशि को इस बात की जानकारी हुई तो विक्रम से बात करने आगरा आ गई। इस दौरान विक्रम और उसके पिता ने ट्रक के आगे धक्का मारकर कुचलने का प्रयास किया। शशि का आरोप है कि विक्रम ने सरकारी पिस्टल से उसके पिता पर फायरिंग भी की थी। मामले में पीड़िता ने एसएसपी को आप बीती बताई। एसएसपी के आदेश पर पुलिस ने बृहस्पतिवार को आरोपी सब इंस्पेक्टर विक्रम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया।